विधवा भाभी पर आया देवर का दिल, शादी से मना किया तो दी दर्दनाक मौत !
कैथल : एक युवक का अपने भाई की विधवा पर दिल आ गया। भाभी ने शादी से इन्कार कर दिया तो नाराज देवर ने अपने भाई और पड़ोसी के साथ मिलकर भाभी को ही मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। एक साल पहले महिला के पति ने भी आत्महत्या कर ली थी।
20 मार्च को कैथल के गांव बडसीकरी खुर्द के तालाब से एक महिला का गला-सड़ा शव मिला था। उसे सीमेंट के पिल्लर के साथ लोहे की बेल और चुन्नी से बांधकर तालाब में फेंका गया था। यह ब्लाइंड मर्डर पुलिस के लिए चुनौती था, लेकिन राजौंद पुलिस ने इसे सुलझा लिया। यह गांव कसान की विवाहित महिमा का शव था। उसकी हत्या उसके ही सगे देवरों ने की थी। तीन छोटे-छोटे बच्चों की विधवा मां पर उसके एक देवर की बुरी नजर थी। वह उससे शादी करना चाहता था। महिमा के मना करने पर उसकी गला घोंट कर हत्या कर दी। मृतका के तीन बच्चे हैं। 10 साल का बेटा और आठ व चार साल की दो बेटियां हैं। इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले तीन युवक अब राजौंद पुलिस की गिरफ्त में हैं। वीरवार को तीनों को अदालत में पेश करके दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एसपी लोकेंद्र सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी।
