क्राइमहरियाणा

रोहतक रेलवे स्टेशन पर खड़ी यात्री गाड़ी में लगी आग, 3 बोगियां जली !

रोहतक : गुरुवार को यहाँ के रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में अचानक आग लग गई। आनन-फानन में सूचना के बाद एक-एक करके दमकल विभाग की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग की लपटों पर काबू पाने की कोशिश में जुट गई। एक घंटे की मशक्कत के बाद इस पर काबू पा लिया गया। हालांकि इस घटना में जानी नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन संपत्ति का नुकसान जरूर हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार यहां से ये ट्रेन 4 बजकर 5 मिनट पर दिल्ली के लिए रवाना होती है। गुरुवार को दोपहर करीब 12 बजे यह स्टेशन पर पहुंची और रवाना होने के लिए काफी टाइम होने के चलते इसे यार्ड में लगा दिया गया। दो घंटे बाद 2 बजे इसमें अचानक आग की लपटें उठना शुरू हो गई।
सूचना के बाद दमकल विभाग की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंची और इसके बाद करीब एक घंटे तक एक के बाद एक सभी ने करीब 20 चक्कर लगाए। इस बारे में दमकल विभाग के कर्मचारी ने बताया कि उन्हें 2 बजकर 10 मिनट पर सूचना मिली थी, जिसके तुरंत बाद टीम मौके पर पहुंची। इस घटना में ट्रेन की 3 बोगियां जलकर कबाड़ में तब्दील हो गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।