कृषि विधेयकों के खिलाफ हरियाणा में किसान सड़कों पर

-कई जगह लगाया जाम
चंडीगढ़ : केंद्र के तीन कृषि अध्यादेशों के खिलाफ किसानों ने रविवार को हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, रेवाड़ी, गुरुग्राम, पानीपत सहित कई जिलों में प्रदर्शन किया। हिसार में बास तहसील के सामने जींद-भिवानी रोड पर जाम लगा दिया, वहीं मैयड़, अग्रोहा, सरसौद, बालसमंद में प्रदर्शन कर धरना शुरू कर दिया। मैयड़ में किसानों के जाम लगाने की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और बातचीत का प्रयास कर रहे हैं। अग्रोहा में किसानों ने प्रदर्शन किया और पुतला जलााया। इसी प्रकार सरसौद गांव में भी किसानों ने प्रदर्शन किया। बालसमंद तहसील के सामने हिसार-भादरा रोड पर किसान एकत्रित हो गए हैं। चरखी दादरी में किसान संगठनों ने दादरी-कनीना रोड जाम करते हुए धरना शुरू कर दिया। किसान संगठन यहां रोड पर धरने पर बैठ गए।
भिवानी में अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति के आह्वान पर सभी तहसीलों के किसानों ने 40 से 50 गांवों में विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन किया और अध्यादेशों की होली जलाई। पानीपत में अनाज मंडी में आढ़तियों ने प्रदर्शन किया। हालांकि वे रोड जाम में शामिल नहीं हुये। रोहतक में पानीपत हाईवे को ब्राह्मणवास गांव के पास किसानों ने जाम कर दिया। रोहतक-हिसार नेशनल हाईवे भी किसानों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर जाम कर दिया। किसानों के साथ महम के निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू हाईवे पर बैठे। रोड के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *