समरसता संकल्प यात्रा संत गुरु रविदास जी के समानता और भाईचारे के संदेश को देगी नई व्यापकता : कृष्ण लाल पंवार
-संत गुरु रविदास जी के 650वें जयंती वर्ष में 2,402 किलोमीटर की यात्रा बनेगी सामाजिक सद्भाव और एकजुटता का प्रतीक : कैबिनेट मंत्री
-समरस समाज के निर्माण के लिए संत गुरु रविदास जी के विचारों को जीवन में उतारना आवश्यक : कृष्ण लाल पंवार
-संत-महापुरुषों की शिक्षाएं पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायी, उनका सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य : कैबिनेट मंत्री
गुरुग्राम: हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी ने अपने विचारों और शिक्षाओं के माध्यम से समाज को समानता, सद्भाव, भाईचारे और मानवता का मार्ग दिखाया। उनका संदेश किसी एक कालखंड या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि आज भी सामाजिक एकता और समरसता की मजबूत आधारशिला है। संत गुरु रविदास जी के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा उनके महान विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही समाज में आपसी सौहार्द और एकजुटता को नई मजबूती प्रदान करेगी।
रविवार को गुरुग्राम में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री पंवार ने कहा कि 18 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक चलने वाली 16 दिवसीय समरसता संकल्प यात्रा लगभग 2,402 किलोमीटर का सफर तय करेगी और 47 शहरों से होकर गुजरेगी। पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से प्रारंभ हुई यह ऐतिहासिक यात्रा उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास जी की पावन जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में संपन्न होगी। यात्रा का मूल उद्देश्य जाति, वर्ग और सामाजिक भेदभाव की सीमाओं से ऊपर उठकर समाज को एकता और भाईचारे के सूत्र में पिरोना है।
श्री पंवार ने पूर्ववर्ती सरकारों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि संत गुरु रविदास जी की 600वीं और 625वीं जयंती जैसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक अवसरों पर भी उनकी महान शिक्षाओं और सामाजिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई। उन्होंने कहा कि देश के संतों और महापुरुषों की विरासत किसी विशेष जाति या समुदाय की नहीं, बल्कि समूची मानवता की साझा धरोहर है। उनके आदर्शों को सम्मान देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को उनके जीवन दर्शन से परिचित कराना भी आवश्यक है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सामाजिक न्याय, समान अवसर और अंत्योदय की भावना को निरंतर सशक्त कर रही है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने कुरुक्षेत्र के उमरी में लगभग 124 करोड़ रुपये की लागत से भव्य गुरु रविदास धाम के निर्माण तथा संत गुरु रविदास जी की 125 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की है। यह पहल संत गुरु रविदास जी के प्रति श्रद्धा और उनकी महान विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के संकल्प का प्रतीक है।
हरियाणा में यात्रा के निर्धारित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए श्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि 25 नवंबर को यमुनानगर, अंबाला और कुरुक्षेत्र में यात्रा का स्वागत एवं विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इसके बाद 26 नवंबर को यात्रा करनाल, पानीपत और सोनीपत पहुंचेगी, जबकि 28 नवंबर को फरीदाबाद और पलवल में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कुरुक्षेत्र के उमरी में आयोजित विशाल जनसभा को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी संबोधित करेंगे। इसके अतिरिक्त प्रदेश के शेष 15 जिलों से निकलने वाली उप-यात्राएं भी मुख्य समरसता संकल्प यात्रा से जुड़ेंगी।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल संत गुरु रविदास जी के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता के संकल्प को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास है। संत गुरु रविदास जी ने जिस भेदभाव मुक्त और समानता आधारित समाज की कल्पना की थी, उसे साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
इस अवसर पर भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष श्री सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि संत गुरु रविदास जी की शिक्षाएं समाज को एकजुट रखने और परस्पर सम्मान की भावना विकसित करने की प्रेरणा देती हैं। समरसता संकल्प यात्रा सामाजिक सद्भाव, आपसी विश्वास और भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, युवाओं तथा सभी नागरिकों से संत गुरु रविदास जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और समरस समाज के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
प्रेस वार्ता में भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष श्री सर्वप्रिय त्यागी, जिला मीडिया प्रभारी श्री अजय दुआ एवं जिला मीडिया सह-प्रभारी श्री वरुण चौहान उपस्थित रहे।
