क्राइमदेश

नाले में गिरी कार, तीन लोगों की मौत, तीन गंभीर

नई दिल्ली : नोएडा के सेक्टर-49 थाना क्षेत्र में सलारपुर गांव के पास गुरुवार तड़के एक कार के अनियंत्रित होकर गहरे नाले में गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) विमल कुमार सिंह ने बताया कि सलारपुर गांव में रहने वाले सत्यवीर सिंह (42), प्रीत (16), कुलदीप (27), बबलू और टिंकू समेत छह लोग एक कार में सवार होकर गुरुवार तड़के गढ़ी चौखंडी गांव से अपने गांव लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि कार की गति तेज होने की वजह से वह अनियंत्रित होकर सलारपुर गांव के पास गहरे नाले में जा गिरी। एसीपी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की सहायता से कार को बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि हादसे का शिकार हुए लोगों को नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने कुलदीप, सत्यवीर तथा प्रीत को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि अन्य लोगों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। एसीपी सिंह ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *