राजनैतिकहरियाणा

महामारी को गंभीरता से लें: मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर

-एक करोड़ लोगों को बाटेंगे मास्क
चंडीगढ़ : हरियाणा में कोरोना के पॉजिटिव मरीजों की लगातार बढ़ रही संख्या से चिंतित मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को प्रदेश के लोगों से आह्वान किया है कि वे महामारी को गंभीरता से लें। उनका कहना है कि अब समय और भी संभल कर चलने का है। जरा सी ढिलाई न केवल व्यक्ति विशेष बल्कि पूरे परिवार को भारी पड़ सकती है। प्रदेश के लोगों से सीधा संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के पास कोरोना संक्रमित मरीजों के उपचार के पर्याप्त साधन हैं, लेकिन संक्रमण फैलने से रोकने के लिए मिलकर काम करना होगा।
‘जब तक दवाई नहीं, तब तक ढिलाई नहीं’ का नारा देते हुए सीएम ने कहा कि हर व्यक्ति के लिए मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना अनिवार्य है। सरकार ने 1 करोड़ मास्क बनवाने का आर्डर दिया है। ये मास्क लोगों में बांटे जाएंगे।
सीएम ने कहा कि तीसरे चरण में कोरोना का असर फिर से बढ़ने लगा है। प्रदेश में फिर से ढाई से तीन हजार मरीज रोजाना पॉजिटिव मिलने शुरू हो गए हैं। ऐसे में अब महामारी से सभी को मिलकर लड़ना होगा। अकेले सरकार कुछ नहीं कर पाएगी। अगर स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया तो गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं है। मृत्यु दर बाकी राज्यों से कम है। हमारी मृत्यु दर 1.01 प्रतिशत है, जबकि पंजाब में 3.2 प्रतिशत है। हरियाणा का रिकवरी रेट 90 प्रतिशत है। टेस्ट प्रतिदिन 35 हजार हो रहे हैं। हरियाणा की कुल आबादी के हिसाब से साढ़े 12 प्रतिशत लोगों का टेस्ट हो चुका है, जो 32 लाख लोग बनते हैं। सीरो टेस्ट में 14 प्रतिशत लोग कोरोना पाॅजिटिव होकर नेगेटिव आ चुके हैं। यह संख्या 35 लाख है। हर सात व्यक्तियों में एक व्यक्ति या तो ठीक हो गया या फिर कोरोना पाॅजिटिव है।
खट्टर ने कहा कि मास्क नहीं पहनने वालों के लिए दंड का प्रावधान जरूरी नहीं है। दिल्ली की तर्ज पर हम जुर्माना बढ़ाने के हक में नहीं हैं। हम चाहते हैं लोग जागरूक बनें। 30 नवंबर तक स्कूल बंद करने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसके बाद यदि स्कूल खुलेंगे तो घर से चलने से पहले बच्चों की टेस्टिंग कराई जाएगी। लाॅकडाउन लगाने की आशंकाओं को खारिज करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि हम इसके दुष्परिणाम पहले ही झेल चुके हैं। पूरा सिस्टम और कारोबार बंद हो जाता है। इसलिए उचित यही है कि कोरोना को फैलने से रोकने के लिए एक-एक आदमी प्रयास करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *