ब्रह्माकुमारीज के 3 दिवसीय मीडिया रिट्रीट का हुआ शुभारंभ
-भीतर की आग बुझाने और मन का शोर थामने का जरिया है आध्यात्मिकता : उपेंद्र राय
गुरुग्राम : धार्मिक संस्था ब्रह्माकुमारीज़ में आने से मन का शोर समाप्त होता है और संगत का गहरा असर पड़ता है। बाहर की आग को तो आसानी से बुझाया जा सकता है, लेकिन भीतर की आग को बुझाने के लिए आध्यात्मिकता की जरूरत है। जिस प्रकार नदियों का शोर सागर में जाकर ही थमता है, ठीक उसी प्रकार मन का शोर भी ईश्वर से जुडऩे से ही थम सकता है। उक्त विचार भारत एक्सप्रेस के मैनेजिंग डायरेक्टर और एडिटर इन चीफ उपेंद्र राय ने धार्मिक संस्था ब्रह्माकुमारीज द्वारा ओम शांति रिट्रीट सेंटर (ओआरसी) परिसर में आयोजित 3 दिवसीय मीडिया रिट्रीट का शुभारंभ करते हुए व्यक्त किए। उपेंद्र राय ने कहा कि स्थूल नेत्रों से परे भी एक ऐसी दुनिया है जो दिखाई नहीं देती, लेकिन उसका अस्तित्व है। ज्ञान भीतर से ही आलोकित होता है, जरूरत है उसे गहराई से महसूस करने की। जीवन में कई मुश्किलें अधिक बोलने से पैदा होती हैं। मीडिया में ऊंची आवाज के बजाय शालीनता से अपनी बात रखने का प्रभाव अधिक पड़ता है। ओआरसी की निदेशिका राजयोगिनी बीके आशा ने कहा कि मीडिया को बाहर की दुनिया से कहीं अधिक अपने भीतर की दुनिया को महसूस करने की आवश्यकता है। आज दुनिया श्रेष्ठ पुनर्निर्माण की ओर बढ़ रही है, जिसकी शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए और मीडिया को सबके लिए उदाहरण बनना होगा। राजयोगिनी बीके शुक्ला ने कहा कि मीडिया समाज की दशा और दिशा बदलने की ताकत रखता है, लेकिन मौजूदा दौर में मूल्यों की बेहद जरूरत है। किसी भी बदलाव के लिए अपने अंदर की आवाज सुनना जरूरी है और आज मीडिया जिन चुनौतियों से जूझ रहा है, उनका समाधान आध्यात्मिकता में ही समाहित है। आयोजन को इंडिया टुडे मीडिया इंस्टिट्यूट के निदेशक ध्रुव ज्योति पति, पीआईबी के पूर्व प्रधान महानिदेशक कुलदीप धतवालिया, मीडिया प्रभाग की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बीके सरला आनंद, मीडिया प्रभाग के राष्ट्रीय संयोजक राजयोगी बीके सुशांत, बीके कोमल आदि ने संबोधित किया। बीके कमलेश ने राजयोग के अभ्यास से उपस्थित लोगों को गहन शांति का अनुभव कराया। अतिथियों का स्वागत तिलक, पटका व पौधा भेंट कर किया गया। बीके चांद ने गीत के मधुर स्वरों द्वारा सबका स्वागत किया। आयोजन को सफल बनाने में बीके हुसैन, बीके अशोक आदि का सहयोग रहा।
