देशराजनैतिकहरियाणा

देश की रक्षा के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने न्यौछावर किए थे प्राण : वर्धन यादव

-भारत छोड़ो आंदोलन की 84वीं वर्षगांठ पर भव्य श्रद्धांजलि सभा का कांग्रेस ने किया आयोजन
-चुनाव जीतने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों के नामों का इस्तेमाल करती है भाजपा : वर्धन यादव
गुरुग्राम: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में 9 अगस्त 1942 को प्रारंभ हुआ भारत छोड़ो आंदोलन भारतीय स्वाधीनता संग्राम के इतिहास का वह स्वर्णिम पृष्ठ है, जिसने ब्रिटिश हुकूमत की जड़ों को हिलाकर रख दिया था। इस ऐतिहासिक क्रांति दिवस की 84वीं वर्षगांठ के अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, फर्रूखनगर द्वारा भव्य श्रद्धांजलि व स्मरण समारोह का आयोजन फर्रूखनगर स्थित अनाज मंडी परिसर में किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष सुनील यादव द्वारा की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने करो या मरो के अमर संदेश का स्मरण करते हुए मातृभूमि की स्वाधीनता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल और अनगिनत गुमनाम स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
भारत छोड़ो और करो या मरो नारों ने देशवासियों में जगाई स्वतंत्रता की अलख
कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि 9 अगस्त 1942 का दिन केवल एक तारीख नहीं, बल्कि भारतीय स्वाभिमान और क्रांति का सूर्योदय था। महात्मा गांधी के एक आह्वान किया था कि भारत छोड़ो और करो या मरो नारों ने पूरे देश के युवाओं, किसानों, मजदूरों और महिलाओं में स्वतंत्रता की ऐसी अलख जगाई कि फिरंगियों को समझ आ गया कि अब भारत पर उनका शासन असंभव है। वर्धन यादव ने कहा कि हमारे पूर्वजों और वीर सेनानियों ने यातनाएं सहीं, लाठियां खाईं और हंसते-हंसते फांसी के फंदों को चूम लिया ताकि आने वाली पीढिय़ां एक स्वतंत्र और आत्मनिर्भर भारत में खुली हवा में सांस ले सकें। आज का दिन हमें उन महान आत्माओं के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करने और उनके बताए सत्य, अहिंसा और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने की याद दिलाता है। जिन लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सौहार्द और संविधान की रक्षा के लिए हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राण न्योछावर किए थे, उनकी रक्षा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
ब्लॉक अध्यक्ष सुनील यादव ने बोला भाजपा पर हमला
उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों के नामों का इस्तेमाल करती है, जबकि उनके बनाए गए लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों को रोज ध्वस्त किया जा रहा है। जिस पार्टी ने आजादी की लड़ाई में एक बूंद पसीना नहीं बहाया, वह आज उन अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग का अपमान कर रही है जिन्होंने देश के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। वर्तमान सरकार पाठ्यपुस्तकों और ऐतिहासिक दस्तावेजों से उन सेनानियों के नामों और संघर्षों को हटा रही है या कम आंक रही है जिन्होंने देश के लिए जेलें काटीं और बलिदान दिए।
इस अवसर पर पार्षद विनय यादव, पार्षद जसवंत सैनी, पार्षद होशियार, प्रवक्ता सुखबीर तंवर, जिला उपाध्यक्ष सतबीर पहलवान, सतपाल बुडेढ़ा, जिला महासचिव इंद्रपाल यादव, विवेक कटारिया, जिला सचिव अनिल गंडास, दिनेश सरपंच माकडोला, वीरेंद्र सरपंच, अमित सहरावत, वेदप्रकाश जनौला सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।