केंद्र और राज्यों की सत्ता हथियाकर लगातार लोकतंत्र की हत्या कर रही है भाजपा : बीके हरिप्रसाद

-दिल्ली के रामलीला मैदान में 14 दिसंबर को होने वाली महारैली को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
-वोट चोरी को देश के सामने लाकर भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत को किया जाएगा उजागर : भूपेंद्र सिंह हुड्डा
-भाजपा की वोट चोरी करके सत्ता हासिल करने की साजिश लगातार है जारी : राव नरेंद्र सिंह
गुरुग्राम : अखिल भारतीय कांग्रेस की दिल्ली के रामलीला मैदान में 14 दिसंबर को वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली की सफलता के लिए प्रदेश कांग्रेस जुट गई है। वीरवार को बादशाहपुर स्थित वाटिका चौक के निकट कांग्रेस जिला ग्रामीण कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें हरियाणा में पार्टी मामलों के प्रभारी बीके हरिप्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य व सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सह- प्रभारी जितेंद्र भगेल, कार्यकारी अध्यक्षजितेंद्र भारद्वाज शामिल रहे। बैठक में जहां महारैली की सफलता के लिए रणनीति बनाई गई, वहीं गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी-दादरी के सभी विधायक, पूर्व विधायक, सांसद प्रत्याशी, जिला अध्यक्ष एवं सभी प्रमुख नेताओं ने महारैली को सफल बनाने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां भी सौंपी गई।
हरियाणा में पार्टी मामलों के प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी द्वारा वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई को निर्णायक बनाने के लिए हमें 14 दिसंबर को अधिक से अधिक संख्या में पहुंच कर भाजपा को उखाड़ृ फैंकने के लिए दिल्ली से देश भर की जनता को एक संदेश पहुंचाना है कि संवैधानिक व्यवस्था में आपके वोट के अधिकार की चोरी करके भाजपा केंद्र और राज्यों की सत्ता हथियाकर लगातार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने कहा कि 14 दिसंबर की रामलीला मैदान की महारैली कोई राजनैतिक कार्यक्रम नहीं, अपितु एक अभियान है, लोकतांत्रिक व्यवस्था मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाए रखने का। कांग्रेस चुनाव आयोग से वोट चोरी के पूरे प्रकरण की जांच की मांग कर रही है, ताकि मतदाता सूची विश्वसनीय बनी रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने हरियाणा, कर्नाटक की वोट चोरी को देश के सामने लाकर भाजपा और चुनाव आयोग की सांठगांठ को उजागर किया। भाजपा सरकार ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित हर जगह वोट चोरी के खिलाफ उठी आवाज को दबाने की कोशिश की है, लेकिन हम रुकने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि 14 दिसंबर की रामलीला मैदान में तैयारियां शुरु कर दी है। महारैली में कांग्रेस कार्यकर्ता हरियाणा से कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता रामलीला मैदान में पहुंचेगा। उन्होंने जिला एवं ब्लॉक अध्यक्षों को वोट चोरी के खिलाफ जन जागरुकता अभियान को तेज करने और वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली को सफल बनाने का आव्हान किया।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा की वोट चोरी करके सत्ता हासिल करने की साजिश लगातार जारी है। बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर बड़ा खेल किया। भाजपा सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को ध्वस्त कर रही है। जनता के अधिकारों को दबा दि या है। उन्होंने कहा कि यह महारैली ऐतिहासिक होगी। इसमें देश का हर नागरिक, कांगे्रसी अपनी अहम भूमिका निभाकर भाजपा सरकार व चुनाव आयोग की साठगांठ को उजागर करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में 14 दिसम्बर को रामलीला मैदान पहुंचे, ताकि कांग्रेस को मजबूत किया जा सके। गुरुग्राम में बैठक आयोजित किए जाने पर ग्रामीण एवं शहरी जिला अध्यक्ष वर्धन यादव और पंकज डावर ने आए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।