वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली को लेकर कांग्रेस में जबरदस्त उत्साह
-आज बादशाहपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय पर होगी बैठक
गुरुग्राम : ऑल इंडिया कांग्रेस द्वारा आगामी 14 दिसम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भाजपा द्वारा वोट चोरी कर सत्ता हथियाने की पोल खोली जाएगी। इस रैली में राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ-साथ देश के हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। महारैली की तैयारियों को लेकर गुरुग्राम ग्रामीण कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वर्धन यादव जी-जान से जुटे हुए हैं। आज वीरवार को बादशाहपुर स्थित वाटिका चौक के निकट कांग्रेस जिला ग्रामीण कार्यालय में बैठक का आयोजन किया जाएगा। वर्धन यादव ने बताया कि बैठक में हरियाणा में पार्टी मामलों के प्रभारी बीके हरिप्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, राष्ट्रीय महासचिव व सांसद कुमारी शैलजा, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य व सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सह- प्रभारी जितेंद्र भगेल, कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, लोकसभा प्रत्याशी राज बब्बर शामिल होंगे और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। बैठक में गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी-दादरी के सभी विधायक, पूर्व विधायक, सांसद प्रत्याशी, जिला अध्यक्ष एवं सभी प्रमुख नेता शामिल होंगे। बैठक में रैली की रणनीति, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और दिल्ली तक जाने की संपूर्ण रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। वर्धन यादव ने कहा कि देशभर में मतदाता सूची से नाम काटे जाने और मताधिकार में बाधा पहुंचने की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि कई प्रदेशों में जानबूझकर मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं, जिसकी शिकायत कांग्रेस लगातार उठा रही है। 14 दिसंबर की रैली में हरियाणा से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे और लोकतंत्र तथा मताधिकार की रक्षा के लिए अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
