मनुष्य को अपनी उन्नति का मार्ग स्वंय ही बनाना पड़ता है: साध्वी आत्मचेतना गिरि

गुरुग्राम (सुधीर वशिष्ठ) : राजीव नगर गुफा वाला शिव मंदिर में प्रयागराज में लगने वाले महाकुम्भ के उपलक्ष्य में आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ के तीसरे दिन व्यास पीठ पर विराजित महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 साध्वी आत्मचेतना गिरि जी महाराज ने कहा कि यह मनुष्य जीवन बहुत ही दुर्लभ है। लाखों रुपए खर्च करने पर भी जीवन का एक क्षण भी नहीं मिलता। प्रभू ने यह मानव शरीर दिया है। ऐसे अमूल्य शरीर को पाकर सभी को उस परम दयालु परमात्मा को तत्व से जानने के लिए भजन-संकीर्तन एवं मनन की चेष्टा करनी चाहिए। यह जीवन अनमोल है। हमें मनुष्य योनि मिली है तो हमें इसका सदुपयोग करना चाहिए ।अपने सामर्थ्य अनुसार दान व तीर्थ आदि करने चाहिए ताकि हमारा जीवन धन्य हो सके ।उन्होंने दान की महिमा बताते हुए कहा कि इससे हमारी ही नहीं हमारे पूर्वजों की भी हो मुक्ति हो जाती है। उन्होंने कहा कि तीर्थ स्थान में दिया हुआ दान सामान्य दान से हजार गुना अधिक लाभ देता है। अपनी बुद्धि का इस्तेमाल बड़े ही सावधानी से अच्छे कामों में करना चाहिए ताकि किसी प्रकार का पश्चाताप न हो।
महामंडलेश्वर जी ने कहा कि मनुष्य को अपनी उन्नति का मार्ग स्वयं ही बनाना पड़ता है। संतों के मुख से निकले वचन, प्रवचन तथा सत्संग ही सन्मार्ग पर चलना सिखाते हैं। जीव ईश्वर का एक अंश है। वह अविनाशी, चेतन, निर्मल और स्वभाव से सुख की कामना करता है। उनका कहना है कि जैसे अग्रि में सोना तपने के बाद कंचन बन जाता है, उसके सारे दोष दूर हो जाते हैं और उसका स्वरुप भी निखर जाता है वैसे ही भगवान की सेवा से जीव का भी कल्याण हो जाता है। उनका कहना है कि श्रीमदभागवत पुराण एक कल्पवृक्ष के समान है। इसके सुनने मात्र से ही तमाम भव्य बंधनों से मानव मुक्त हो जाता है। कथा से पूर्व कथा के मुख्य यजमान राजेश शर्मा व माया शर्मा एवम सत्यप्रकाश राय व उनकी धर्मपत्नी द्वारा, मुख्य पुरोहित लोकेन्द्र शास्त्री व अन्य विद्वान पंडितों ने प्रातःकालीन पूजा-अर्चना की। इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और ज्ञान का श्रवण कर रहे हैं। कथा के अंत मे कथास्थल पर ही प्रत्येक दिन भंडारे का भी आयोजन है।