हरियाणा में बनने जा रही है आम आदमी पार्टी की सरकार: डा. निशांत आनंद
-आम आदमी पार्टी प्रत्याशी ने जनसम्पर्क अभियान में कही यह बात
-दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जमानत मिलने पर दी बधाई
गुरुग्राम : आम आदमी पार्टी के गुडग़ांव विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी डा. निशांत आनंद (एडवोकेट) नामांकन के अंतिम दिन पर्चा दाखिल करने के बाद प्रचार में जोर-शोर से जुट गए हैं। खास रणनीति तैयार करके वे जनता के बीच जा रहे हैं। जनता की फीडबैक पर उन्होंने गुडग़ांव समेत हरियाणा में आप प्रत्याशियों की जीत के साथ सरकार बनने का दावा किया है। साथ ही उन्होंने सुप्रीमकोर्ट द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को जमानत दिए जाने के निर्णय का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भले ही कितने हथकंडे आप को तोडऩे के लिए अपनाए हों, लेकिन जीत सत्य की हो रही है।
डा. निशांत आनंद (एडवोकेट) ने अपने जनसम्पर्क अभियान के दौरान कहा कि डा. निशांत आनंद ने कहा कि दिल्ली और पंजाब के बाद अब हरियाणा में भी आम आदमी पार्टी सरकार बनाने जा रही है। पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ रही है। सभी मजबूत प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे गए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता केजरीवाल मॉडल पर वोट करेगी। अरविंद केजरीवाल की नीतियों से ही हरियाणा, पंजाब की जनता ने पूर्ण समर्थन देकर सरकारें बनाई। उन्होंने हरियाणा में बदलाव का कारण बताते हुए कहा कि गुरुग्राम की जनता भाजपा सरकार से तंग आ चुकी है। इसका कारण यही है कि दावे तो बहुत किए गए, लेकिन काम नहीं किये गये। गुडग़ांव का बहुत बुरा हाल हो चुका है। सडक़ों की बात करें तो पूरे गुडग़ांव में सडक़ें टूटी हैं। वर्षों से टूटी सडक़ों की सुध नहीं ली गई। कुछ सडक़ें तो पहले से ही टूटी थी और बची सडक़ें अब बारिश में टूट गई हैं। अधिकारियों पर सरकार की कभी कोई पकड़ नहीं रही। इसलिए शहर में समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास नहीं हुए। डा. निशांत आनंद ने कहा कि सडक़ों में गहरे गड्ढे हैं, जहां लोगों के वाहन खटारा हो रहे हैं। सोसायटियों में करोड़ों रुपये के फ्लैट खरीदकर रह रहे लोगों को अपनी सोसायटी तक जाने का भी रास्ता नहीं हैं। अगर यही विकास है तो ऐसा विकास नहीं चाहिए। भाजपा सरकार 10 साल तक सिर्फ टैक्स वसूली के लिए काम करती रही, विकास के नाम पर कुछ नहीं किया गया।