आपका नवीन आपके द्वार अभियान से हर घर दस्तक देने निकले नवीन गोयल
-नवीन गोयल ने आपका नवीन आपके द्वार डोर टू डोर अभियान किया शुरू
-अशोक विहार फेज-1 से शुरू किया गया अभियान
-जन-जन तक पहुंचकर बताएंगे अपना राजनीतिक एजेंडा
-हमें नॉन स्टॉप विकास के रास्ते पर चलकर नॉन स्टॉप हरियाणा बनाना है
-अर्जुन नगर में किया गया जनसंवाद कार्यक्रम में उमड़ी भीड़
गुरुग्राम: मां शीतला की नगरी, गुरु द्रोणाचार्य की कर्मस्थली गुरुग्राम को स्वच्छ, स्वस्थ व सुंदर बनाने की सोच के साथ मैनें समाजसेवा के साथ राजनीति में कदम रखा है। इस सपने को साकार करने के लिए मुझे किसी एक का नहीं, बल्कि हर एक का साथ चाहिए। मुझे बच्चों का भी साथ चाहिए, युवाओं का भी साथ चाहिए। माताओं, बहनों का साथ चाहिए और बुजुर्गों का आशीर्वाद चाहिए। यह बात व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा, हरियाणा के प्रदेश संयोजक एवं गुडग़ांव विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की टिकट के प्रबल दावेदार नवीन गोयल ने अशोक विहार फेस-1 में लोगों से रूबरू होते हुए कही।
इससे पूर्व नवीन गोयल ने अर्जुन नगर में जनसंवाद कार्यक्रम में शिरकत की। यहां उन्होंने पंजाबी समाज के लिए पंजाबी भवन बनाने की योजना पर काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज ने सदा पुरुषार्थ करके खुद को आगे बढ़ाया है। पंजाबियों के लिए सरकारी स्तर पर सुविधाएं देना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। पंजाबी समाज की ओर से यहां नवीन गोयल अभिनंदन किया गया। उन्होंने इस आदर, सत्कार के लिए सभी का आभार जताया। इस अवसर पर उन्होंने गुरुग्राम के सर्वांगीण विकास के विजन पर चर्चा की। विधानसभा चुनाव में सभी का आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि मत देने वाले के साथ उनके लिए वे भी महत्वपूर्ण हैं, जो वोट ना होते हुए भी उनके साथ लगे हुए हैं। उनका अपने स्तर पर भी प्रचार कर रहे हैं। ऐसे ही कर्मठ साथियों से चुनावों में विजयी हासिल होती है।
शाम के समय आपका नवीन आपके द्वार मुहिम के तहत डोर टू डोर अभियान में वे अपने साथियों, कार्यकर्ताओं के साथ अपना राजनीतिक एजेंडा लेकर वे लोगों के द्वार पर पहुंचे। उन्होंने बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लेते हुए कहा कि अपने बारे में उन्हें कोई परिचय देने की जरूरत नहीं है। पांच साल से सबकी सेवा में दिन-रात लगा हुआ हूं। गुरुग्राम का विकास ही मेरी प्राथमिकता है। भारतीय जनता पार्टी ने नॉन स्टॉप हरियाणा का नारा दिया है। इस नारे को साकार करते हुए नॉन स्टॉप हरियाणा, नॉन स्टॉप गुरुग्राम बनाना है। यानी विकास के मामले में गुरुग्राम कभी रुकेगा नहीं। गतिशील रहेगा। रोजगार के साधन बढाएंगे। मूलभूत सुविधाओं में इजाफा करेंगे। महिला सशक्तिकरण के लिए महिलाओं की शिक्षा पर अधिक जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अनेक ऐतिहासिक कार्य गुरुग्राम के लिए किए हैं। जो गुरुग्राम हरियाणा बनने के बाद सबसे अधिक राजस्व देने वाला जिला है, वह अब तक एक सरकारी यूनिवर्सिटी के लिए तरसता रहा। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल जी के कुशल नेतृत्व में गुरुग्राम यूनिवर्सिटी बनाई गई। पुराने गुरुग्राम में मेट्रो निर्माण के लिए केंद्र व राज्य सरकार ने कदम आगे बढ़ाया। मेट्रो निर्माण के लिए मिट्टी आदि की जांच पूरी हो चुकी है। जल्द ही इसका निर्माण शुरू हो जाएगी। सडक़ों, हाईवे का यहां जाल बिछा दिया गया है। चंडीगढ़, दिल्ली से राजस्थान, यूपी जाने वाला यातायात वाया केएमपी व द्वारका एक्सप्रेस-वे से होकर गुजर रहा है। इससे हमारा गुरुग्राम पर्यावरण की दृष्टि में बेहतर बन रहा है। इस तरह से अनेक प्रोजेक्ट पूरे करके सरकार ने गुरुग्राम को बहुत आगे बढ़ाने का काम किया है। अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी कम समय में अधिक योजनाओं को धरातल पर उतारकर अपनी विकासात्मक सोच को दिखाया है। वर्तमान में सबसे बड़ा फैसला 1.20 लाख कच्चे कर्मचारियों का है, जिनकी रिटायरमेंट तक नौकरी सुरक्षित कर दी गई है।
नवीन गोयल ने कहा कि यह तो कम समय के फैसले हैं। तीसरी बार हरियाणा में भाजपा सरकार बनने पर ऐसे ऐतिहासिक काम होंगे, जो देश के किसी भी राज्य में आज तक नहीं हुए होंगे। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की जनता पहले की तरह से अपना पूर्ण विश्वास रखते हुए उन्हें चुनाव में विजयी बनाने का काम करे। पार्टी की ओर से उन्हें सदा भरपूर सम्मान मिला है और आगे भी मिलता रहेगा। केंद्र में मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य डा. सुधा यादव के मार्गदर्शन में उन्होंने काम किया है। उनका सदा यही प्रयास रहा कि पार्टी की मजबूती के लिए जन-जन को पार्टी से जोड़ा जाए। लोगों को भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। जनता सब जानती है कि उन्होंने किस स्तर तक जाकर काम किए हैं।