महात्मा गांधी सत्य और अहिंसा के पुजारी थे और लाल बहादुर शास्त्री ईमानदारी और सादगी की मूर्ति: अमित स्वामी

रेवाड़ी : आज 2 अक्तूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जन्मदिवस पर यंगमैन्स एसोसियेशन आफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित स्वामी के सानिध्य में संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संस्था के आटो मार्किट स्थित कार्यालय में दोनों
महापुरूषों के चित्रों पर माल्यार्पण और पुष्प चढ़ा कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में अमित स्वामी ने कहा कि महात्मा गांधी सत्य और अहिंसा के पुजारी थे और लाल बहादुर शास्त्री ईमानदारी और सादगी की मूर्ति थे। महात्मा गांधी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि गांधीजी का जन्म 2 अक्तूबर 1869 को पोरबंदर में कर्मचंद और पुतलीबाई के घर सबसे छोटी संतान के रूप में हुआ। उनका बचपन अध्यात्मिकता की कहानी सुनते हुए बीता जिसे उन्होंने अपने जीवन में आत्मसात किया। मात्र 13 वर्ष की आयु में उनका विवाह कस्तूरबा गांधी से हुआ।

अमित स्वामी ने कहा कि मार्टिन लूथर किंग, नेल्सन मंडेला, अल्बर्ट आइंसटाइन, मोहनदास कर्मचंद गांधी जी के अनुयायी थे और आंइसटाइन ने तो यहां तक कह दिया था कि आने वाली पीढ़ियां मुश्किल से यकीन कर पायेंगी कि कभी मांस और रक्त से पूर्ण एक ऐसा व्यक्ति भी इस धरती पर आया था। पढ़ाई-लिखाई और खेलकूद में साधारण से रहने वाले गांधीजी को वकालत करने के लिए सन 1888 में इंग्लैंड रवाना हो गए और 4 साल के बाद वापिस लौटे और कुछ दिन बम्बई और राजकोट में प्रैक्टिस की परन्तु कामयाबी नहीं मिल पाई। वर्ष 1893 में साउथ अफ्रीका के एक व्यापारी दादा अब्दुल्ला ने उन्हें साउथ अफ्रीका बुला लिया। 23 वर्ष की आयु में वे साउथ अफ्रीका चले गये लेकिन उन्हें वहां बार-बार भेदभाव का सामना करना पड़ा। वहां पर भी ब्रिटिश हुकूमत का ही राज था। एक बार ट्रेन की टिकट होने के बावजूद उन्हें ट्रेन से उतार दिया गया। ऐसी अनगिनत घटनाओं के बावजूद वे 21 साल साउथ अफ्रीका में रहे और वहां सरकार की कुरीतियों और अत्याचारों का विरोध करते रहे। उन्होंने अपने भाषण में कहा भी था कि आई वास बोर्न इन इंडिया बट मेथ इन साउथ अफ्रीका। वर्ष 1915 में गोपालकृष्ण गोखले ने उन्हें ब्रिटिश हुकूमत से स्वतंत्रता पाने के लिए भारत आने का बुलावा भेजा और वो भारत आ गये। गांधीजी ने
सत्याग्रह को अपना हथियार बनाया और उन्होने अपना पहला सत्याग्रह आंदोलन वर्ष 1917 में बिहार के चम्पारण में चलाया जहां ब्रिटिश हुकूमत किसानों से जबरदस्ती नील की खेती करवाती थी। गांधीजी ने अहिंसात्मक विरोध करके किसानों को इससे मुक्ति दिलाई। इसके पश्चात् उन्होंने गुजरात के खेड़ा जिले में सूखा पड़ने के बावजूद ब्रिटिश हुकूमत द्वारा किसानों से लगान न वसूल करने पर मजबूर कर दिया जिससे उनकी ख्याति पूरे देश में बढ़ गई। गुरू रविन्द्र नाथ टैगोर द्वारा उन्हें महात्मा व नेताजी सुभाष चन्द्र बोस द्वारा उन्हें राष्ट्रपिता की उपाधि दी गई जो सर्वव्यापक हो गई। गांधीजी ने मुसलमानों के खिलाफत आंदोलन को भी अपना सहयोग देकर मुसलमानों को
अपने पक्ष में कर लिया। 1919 में ब्रिटिश सरकार द्वारा रालेट एक्ट लाया गया ताकि इन आंदोलनों का दमन किया जा सके जिसके अन्र्तगत किसी भी भारतीय को बिना केस चलाए जेल में बंद किया जा सकता था। गांधीजी ने इसका पुरजोर विरोध किया तथा असहयोग आंदोलन का
आगाज़ किया जिसके कारण पूरे भारत वर्ष में अंग्रेजी वस्तुओं का बहिष्कार हुआ। ऐसे ही एक विरोध प्रदर्शन में अमृतसर के जलियां वाला बाग में जनरल डायर ने गोलियां चलवा कर सैकड़ो आंदोलनकारियों को शहीद कर दिया। 5 फरवरी 1922 को चोरी-चोरा कांड जिसमें 5 पुलिसवालों को जिंदा जला दिया गया, जिसके कारण गांधीजी बहुत आहत हुए और उन्होंने असहयोग आंदोलन वापिस ले लिया। इसके बाद वे कुछ समय जेल में रहे। मार्च 1930 में गांधी जी ने ब्रिटिश हुकुमत द्वारा नमक पर टैक्स लगाने के विरोध में दांडी से अहमदाबाद तक 400 कि.मी. तक की पदयात्रा की और ब्रिटिश कानून तोड़ते हुए नमक बनाया। 1942 में गांधीजी ने ‘भारत छोड़ो आंदोलन‘ चलाया जिसमें ब्रिटिश हुकूमत ने हजारों स्वतंत्रता सेनानियों को शहीद कर दिया। इसके बाद गांधीजी ने ‘करो या मरो‘ का नारा दिया जिससे ब्रिटिश हुकूमत हिल गई। गांधीजी को 2 साल के लिए जेल भेज दिया गया लेकिन गांधीजी ने पूरे देश को संगठित कर दिया था। 15 अगस्त 1947 को भारत को आजादी मिल गई। 30 जनवरी 1948 को नाथूराम गोडसे ने उस महान अहिंसा के पुजारी की गोली मार कर हत्या कर दी लेकिन गांधीजी और उनके विचार सदा के लिए अमर रहेंगे। वहीं अमित स्वामी ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री ‘जय जवान-जय किसान‘ का नारा देने वाले
ईमानदारी व सादगी की मूर्ति लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर ईश्वर पहलवान, मनीष गुप्ता, सोनू यादव, पारस चैधरी, नीरज यादव, महाबीर यादव, राजबीर सिंह, जयबीर, सचिन, राजेन्द्र, दीपक शर्मा, प्रतीक शेखावत आदि विशेष रूप से उपस्थित थे।