गुरुग्राम में पत्रकारों के लिए प्रेस क्लब, ग्रुप हाउसिंग सोसायटी बनाने पर सीएम की मुहर

-निकट भविष्य में दोनों परियोजनाओं पर शुरू होगा काम
-जर्नलिस्ट एसोसिएशन गुरुग्राम के साथ मुख्यमंत्री की हुई बैठक में लिया निर्णय
गुरुग्राम : गुरुग्राम में प्रेस क्लब और पत्रकारों के लिए ग्रुप हाउसिंग सोसायटी बनाने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को मुहर लगा दी। यहां स्वर्ण जयंती पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह के कांफ्रेंस हॉल में जर्नलिस्ट एसोसिएशन गुरुग्राम के साथ मुख्यमंत्री की बैठक हुई। इस दौरान जर्नलिस्ट एसोसिएशन गुरुग्राम के पदाधिकारी, सदस्य और हरियाणा हाउसिंग बोर्ड के पूर्व चेयरमैन जवाहर यादव, मुख्यमंत्री के ओएसडी (मीडिया) अमित आर्य, मीडिया कॉर्डिनेटर मुकेश वशिष्ठ, जिला उपायुक्त निशांत कुमार यादव, पुलिस आयुक्त कला रामचन्द्रन आदि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल का जर्नलिस्ट एसोसिएशन गुरुग्राम के अध्यक्ष संजय यादव ने बुके देकर स्वागत किया। साथ ही कहा कि देशभर में हरियाणा पत्रकारों के हित में किए गए कार्यों के लिए रोल मॉडल है। 60 साल की उम्र के बाद 10 हजार रुपये पेंशन की यहां सुविधा है। इसके अलावा अन्य सुविधाएं भी पत्रकारों को मिल रही हैं। इसके लिए सरकार का विशेष तौर पर धन्यवाद। इसके बाद उन्होंने एसोसिएशन की ओर से तैयार किया गया मांग पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि गुरुग्राम हरियाणा की आर्थिक राजधानी है। गुरुग्राम भी दिल्ली, चंडीगढ़ की तरह मीडिया हब बन चुका है। ऐसे में यहां प्रेस क्लब बनाने के लिए एसोसिएशन प्रयासरत है। इसके साथ ही पत्रकारों के लिए ग्रुप हाउसिंग सोसायटी बनाने की भी बात उन्होंने रखी। दोनों मांगों को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्वीकार करते हुए अपनी ओर से संस्तुति दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मजाकिया लहजे में यह भी कहा कि वे तो सोच रहे थे लंबा-चौड़ा मांग पत्र होगा। मुख्यमंत्री ने इस बाबत जिला उपायुक्त से भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के नियमों को देखते हुए इन दोनों कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री के ओएसडी (मीडिया) अमित आर्य ने कहा कि पत्रकारों के हित में मुख्यमंत्री मनोहर लाल सदैव बेहतर करने का प्रयास करते हैं। पत्रकारों को पेंशन के अलावा अब आयुष्मान योजना में भी शामिल किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस दोनों कार्यों को सिरे चढ़ाया जाएगा। अमित आर्य ने कहा कि वे स्वयं पत्रकार रहे हैं। पत्रकारों की समस्याओं को वे भली-भांति जानते हैं। प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर पहले से मीडिया सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं। अब जिला मुख्यालयों के अलावा ऐसे क्षेत्रों में भी मीडिया सेंटर स्थापित करने की योजना है, जहां पत्रकारों की संख्या अधिक है। वहां से प्रशासनिक काम भी अधिक होते हैं। उदाहरण के तौर पर उन्होंने नारनौल का नाम लिया। वहां की जिला तो महेंद्रगढ़ है, लेकिन नारनौल शहर में काम अधिक रहता है। श्री आर्य ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार में पत्रकार हित के जितने कार्य हुए हैं, वे मील का पत्थर हैं।
इस अवसर पर पत्रकार आदित्य राज, बागीश झा, सारिका किस्सू, संजय गुलाटी, सोनू यादव, अनिल भारद्वाज, अभिषेक बहल, राजेश यादव, अभिषेक अग्रवाल, संजय कुमार मेहरा, गौरव चौधरी, कृष्ण कुमार जांगड़ा, अभिषेक, प्रवीण कुमार, मयंक तिवारी, गौरव तिवारी, योगेश कुमार, राजकुमार चित्रा, सुदर्शन झा, प्रवेश चौहान, मनोज कुमार, विनय गुप्ता, समेत काफी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।