कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर संजय भसीन को डॉक्टरेट की उपाधि से नवाजा

गुरुग्राम : संस्कृति को सहेज कर रखना तथा उसका संवर्धन करना एक कलाकार की पहचान होती है। कला को नए आयाम देना ही कलाकारों का परम कर्तव्य होना चाहिए। ये सब खूबियां हरियाणा कला परिषद के निदेशक संजय भसीन में दिखाई देती हैं। उनकी कला को सम्मान देने के लिए गत दिवस कलकता में आयोजित भारत सांस्कृतिक उत्सव के दौरान डाक्टरेट की मानद उपाधि से उन्हें नवाजा गया।
प्रदेश में प्रदेश में कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करते संजय भसीन की मेहनत और लग्न के कारण ही प्रदेशवासियों को हरियाणा के साथ-साथ विभिन्न प्रदेशों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिल रही है। उनके कला के क्षेत्र में सराहनीय योगदान के कारण ही भारत सांस्कृतिक संबंध परिषद व भारतीय कला व संस्कृति के वैश्विक परीक्षा बोर्ड से सर्टीफाईड हिंदुस्तान कला एवं संगीत परिषद के संयुक्त तत्वावधान में कलकत्ता में आयोजित भारत सांस्कृतिक उत्सव के दौरान संस्कृत विश्वविद्यालय की कुलपति डा. सोमा बंधोपाध्याय द्वारा डॉक्टरेट की उपाधि दी गई। कला परिषद के मीडिया प्रभारी विकास शर्मा ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि इस सम्मान से पूर्व में सुप्रसिद्ध कत्थक नृत्यांग्ना सितारा देवी, पद्मभूषण गिरीजा देवी, पद्मभूषण पंडित हरिप्रसाद चैरसिया, पंडित जसराज, सरोजा वैद्यानाथन, विश्वमोहन भट्ट व पद्मश्री पंडित भजन सोपोरी को भी सम्मानित किया गया है। संजय भसीन को यह सम्मान मिलने से न केवल हरियाणा प्रदेश को गौरव प्राप्त हुआ है, अपितु प्रदेश के कलाकारों में भी हर्ष की लहर देखने को मिल रही है। उनको सम्मानित किए जाने पर निष्ठा सांस्कृतिक मंच के सुभाष सिंगला, योगेश गुप्ता, अर्पित भसीन, हरजीत सिंह, केके गांधी, जगभूषण गुप्ता, गोल्डी सिंगला, कमल यादव, रजनीश भनौट, मनीष अरोड़ा, अंकुश भसीन, रविंद्र जैन, विनोद गुप्ता आदि ने भी शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की है कि श्री भसीन और अधिक ऊर्जा से कार्य करेंगे।