धूमधाम से मनाया तीज का उत्सव !

फर्रूखनगर (नरेश शर्मा) : राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हैरीटेज सिटी फरुखनगर (गुरुग्राम ) में तीज का उत्सव पूरे जोश, उत्साह व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य जितेंद्र यादव ने बच्चों व स्टाफ सदस्यों को तीज के त्यौहार के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि तीज का त्योहार श्रावण मास की शुक्ल पक्ष की तृतीया को मनाया जाता है। इसको हरियाली और पार्वती तीज के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन सुहागन स्त्रियाँ अपने सुहाग की चिरायु और अच्छे स्वास्थ्य के लिए व्रत रखती हैं। इस त्योहार पर माता-पिता अपनी शादीशुदा बेटियों को तीज के उपलक्ष में अनेकों उपहार देते हैं। इस दिन लड़कियाँ और स्त्रियाँ मेहंदी लगाती हैं, झूले झूलती हैं और मिलजुल कर गीत व नृत्य के जरिए अपना मनोरंजन करती हैं। भारत देश अपनी समृद्धि संस्कृति के लिए विश्व भर में विख्यात है। भारत एक त्योहारों का देश है, इसलिए मॉडल संस्कृति विद्यालय का प्राचार्य होने के नाते जितेंद्र यादव ने आज के भागदौड़ और मल्टी मीडिया के युग में बच्चों को अपनी संस्कृति को जीवित रखने व त्योहारों की महत्ता को जानने के लिए तीज के त्यौहार के बारे में खोल कर समझाया। इस उपलक्ष में विद्यालय के छात्रों के लिए मेहंदी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। यह मेहंदी प्रतियोगिता कृष्णा रानी की देख-रेख में संपन्न हुई। इसमें कक्षा 9 से 12 की छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने बड़े ही कलात्मक ढंग से अपनी अध्यािपकाओं को मेहंदी लगाई। इस प्रतियोगिता में दिप्ती प्रथम, स्नेहा और सिमरन द्वितीय और स्नेहा और प्रिया तृतीय स्थान पर रहीं। इन विजेताओं को प्रधानाचार्य व अन्य स्टाफ सदस्यों ने सम्मानित किया। प्रधानाचार्य ने यह भी बताया की 10 अगस्त पूरे विश्व में विश्व शेर दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखना बहुत आवश्यक है, इसलिए इसमें प्रत्येक प्राणी व जीव जंतु प्राणी का होना आवश्यक है। शेरों की घटती हुई आबादी को रोकना और इन्हें सुरक्षित रखना हमारा सभी का कर्तव्य है। शेर शक्ति व जोश का प्रतीक है। शेर से हमें प्रेरणा मिलती है कि हम अपने लक्ष्य व उद्देश्य को प्राप्त करने में शेर की तरह ऊर्जावान और लक्ष्य केंद्रित बनें। प्राचार्य ने सभी विद्यार्थियों और अध्यापकों को शेर की तरह निर्भय और ऊर्जावान बनने की प्रेरणा दी आज के दिन ही बारहवीं विज्ञान संकाय के सभी छात्रों जिन्होंने स्वयंसेवक के रूप में आगे आकर रसायन विज्ञान प्रयोगशाला के दरवाजों पर स्वयं रंग रोगन लाकर पेंट किया और एक सुंदर संदेश सभी को दिया कि यह विद्यालय, इसके कक्षा-कक्ष और विद्यालय का ज़र्रा- ज़र्रा उनका अपना है। बच्चों को इस स्वयं सेवा भावना के लिए प्राचार्य जितेंद्र यादव व समस्त सदस्यों ने उपहार देकर सम्मानित व प्रेरित किया। आज के समस्त कार्यक्रम के संचालन में प्रवक्ता मंजू दहिया और कृष्णा की विशेष भूमिका रही। इसके अतिरिक्त प्रवक्ता गीतांजल, विभा, सीमा,पूजा जागृति, सुनिता और सूरजभान, सुरेश, ललित ने भी अहं भूमिका निभाई।