‘मिसेज इंडिया राजस्थान 2019’ रही प्रियंका चौधरी ने व्यापारी को हनीट्रैप फंसाया, करोड़ों ऐंठे !

-दो बेटियों की मां प्रियंका के हैं लग्जरी शौक
जयपुर : 2019 में ‘मिसेज इंडिया राजस्थान’ बनी प्रियंका चौधरी जयपुर के एक व्यापारी को हनीट्रैप में फंसाने के मामले में पुलिस के शिकंजे में हैं। श्याम नगर पुलिस उसे दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। इस बीच, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि पूर्व मिसेज इंडिया राजस्थान प्रियंका चौधरी ने लग्जरी लाइफ का शौक पूरे करने के लिए व्यापारी से संबंध बनाए थे।
बाद में उसे दुष्कर्म में फंसाने की धमकी देकर 400 गज का प्लॉट देने का दबाव बनाने लगी। व्यापारी को डराने के लिए महिला ने पिछले महीने श्याम नगर थाने में व्यापारी के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज करवाया था। पूर्व मिसेज इंडिया राजस्थान से बनने लेकर ठग बनने तक की कहानी में कई किस्से सामने आए।
अब तक पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रियंका चौधरी टोंक जिले के पीपलू तहसील की रहने वाली है। 14 साल पहले 2008 में उसकी शादी हुई थी। वह खुद सरकारी स्कूल में पढ़ी हुई है, लेकिन मन में कुछ अलग करने का जज्बा था। प्रियंका के पति राजस्थान पुलिस में हेड कांस्टेबल है और फिलहाल टोंक में ही पोस्टेड है। प्रियंका ने शादी के बाद एलएलबी का कोर्स किया। उसकी दो बेटियां भी हैं। मिसेज इंडिया राजस्थान बनने के बाद एक इंटरव्यू में उसने कहा था कि जो मिस बनकर नहीं कर सकती है, वह मिसेज बनकर करना चाहती है। प्रियंका ने कुछ बड़ा करने का मन में ठान रखा था, लेकिन अपना सपना पूरा करने के बाद शौक पूरे करने के लिए वह गलत रास्ते पर चली गई।
2019 में जयपुर में मिसेज इंडिया राजस्थान का आयोजन हुआ। इसमें प्रियंका ने भी नॉमिनेशन फॉर्म भरा था। 100 से ज्यादा महिलाओं ने हिस्सा लिया था। प्रियंका ने खिताब जीतने के लिए पूरी तैयारी की। उसने परिजनों को भी कार्यक्रम के बारे में नहीं बताया था। उसका मानना था कि ब्यूटी क्वीन बनने के बाद सभी को अपने आप ही पता लग जाएगा। फाइनल में अलग-अलग राउंड में 27 प्रतिभागियों ने पार्टिसिपेट किया था। फाइनल राउंड में प्रियंका चौधरी को विनर घोषित किया गया। इसके बाद से प्रियंका का सपना पूरी तरह से बदल गया।
अब तक की जांच में पता लगा कि प्रियंका का 2016 में व्यापारी घासीलाल चौधरी से पहली बार संपर्क हुआ था। घासीलाल लोहे का व्यापार करते हैं और टोंक के ही रहने वाले हैं। वे जयपुर में पार्श्वनाथ कॉलोनी में रहते हैं। प्रियंका अपने पति के साथ उनके घर पहुंची थी। एएसआई जय सिंह का कहना है कि व्यापारी की पत्नी और प्रियंका दोनों एक ही गांव की है। गांव का हवाला देकर वह व्यापारी के मकान में रहने लग गई। इसके बाद धीरे-धीरे पहचान बनाई और संपर्क बढ़ाने शुरू कर दिए। वह व्यापारी के मकान में करीब डेढ़ साल तक ही रही। अब उसने खुद का फ्लैट ले लिया है।
मिसेज इंडिया राजस्थान प्रियंका चौधरी बड़ा सपना लेकर जयपुर में आई थी। उसे जैसे-जैसे व्यापारी के काम-धंधे के बारे में पता चला, उसने व्यापारी से नजदीकियां बनानी शुरू कर दीं। जरूरतें बता कर उससे हजारों रुपए लेने लगी। इसके बाद डिमांड बढ़ कर लाखों में पहुंचने लग गई। व्यापारी के मकान को खाली करने के बाद भी वह व्यापारी के संपर्क में बनी रही। पहले प्रियंका ने अलग फ्लैट ले लिया था। वह दो बेटियों के साथ फ्लैट में रहती है और पति टोंक में नौकरी करता है।
प्रियंका कुछ दिनों से लगातार व्यापारी पर दबाव बना रही थी। वह 400 गज के प्लॉट की डिमांड कर रही थी। व्यापारी ने उसे प्लॉट देने से मना कर दिया। तब व्यापारी पर दबाव बनाने के लिए उसने मारपीट का मामला भी दर्ज करा दिया, हालांकि रिपोर्ट में उसने दुष्कर्म किए जाने की कोई बात नहीं लिखी थी। व्यापारी परेशान हो गया था और वह लगातार दबाव बना रही थी। तब व्यापारी ने 3 जून को श्यामनगर थाने में हनीट्रैप का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस भी काफी दबाव में आ गई। आखिरकार शुक्रवार देर रात पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी प्रियंका को गिरफ्तार कर लिया।