देश में कोरोना ने मचाया कोहराम : दूसरी बार पार हुआ 4 लाख का आंकड़ा, 3980 की गई जान !
नई दिल्ली : भारत में कोरोना वायरस के नये मामलों ने 4 लाख का आंकड़ा दूसरी बार पार करते हुए नया रिकॉर्ड बना दिया है। बृहस्पतिवार सुबह जारी आंकड़ाें के अनुसार बीते 24 घंटे में संक्रमण के 4,12,262 नये मामले सामने आये। इस दौरान रिकॉर्ड 3980 संक्रमितों की जान गयी, जबकि 3.29 लाख लोग इस महामारी से उबरे। इसके साथ ही देश में उपचाराधीन कोरोना मरीजों की संख्या 35.66 लाख के पार पहुंच गयी है। कोरोना से स्वस्थ होने वालों की राष्ट्रीय दर गिरकर 81.99 फीसदी रह गयी है, जबकि मृत्यु दर 1.09 फीसदी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना के नये मामलों में से 72.19 फीसदी 10 राज्यों में मिले हैं। इनमें महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, केरल, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश और राजस्थान शामिल हैं। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 57,640 मामले सामने आए। वहीं कर्नाटक में 50112, जबकि केरल में 41,953 नये मामले सामने आए। पिछले 24 घंटे में हुई मौतों में से 75.55 फीसदी महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, दिल्ली, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, तमिलनाडु, राजस्थान और झारखंड में हुईं। महाराष्ट्र में सर्वाधिक 920 लोगों की मौत हुई। देश में कोरोना के कुल मामले 2.10 करोड़ से ज्यादा हो चुके हैं। मृतकों की संख्या 2,30,168 हो गयी है, जबकि 1.72 करोड़ से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। इस बीच भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद ने बताया कि बुधवार को देश में 19,23,131 टेस्ट किए गये। मंत्रालय ने बताया कि देश में 16.25 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं। गत 24 घंटे में 19 लाख से अधिक टीके लगाए गये।