नहीं रहे हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सतबीर सिंह कादियान
पानीपत : हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सतबीर सिंह कादियान का शनिवार को निधन हो गया। वह एक महीने से बीमार थे। दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती थे। किडनी ट्रांसप्लांट के बाद उनकी तबीयत खराब हो गई थी। सतबीर सिंह कादियान जननायक जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष थे। सतबीर कादियान लोकदल की युवा विंग में करनाल जिले के प्रधान रहे।
पूर्व उपप्रधानमंत्री स्व.देवीलाल के साथ रहे सतबीर सिंह कादियान ने 1987 में पहला चुनाव लड़ा था। नौल्था से उन्होंने जीत दर्ज की। इसके बाद 1990 में इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर्स कोआपरेटिव लिमिटेड (इफको) के चेयरमैन बने। पहले ही साल उनके कार्यकाल में कंपनी ने करीब सौ करोड़ का मुनाफा कमाया। 1991 में जब खाद के दाम बढ़े तो उन्होंने इसके विरोध में इस्तीफा दे दिया था। हालांकि एक साल तक उनका इस्तीफा मंजूर नहीं हुआ। 1996 के चुनाव में 600 वोट से चुनाव हार गए। लेकिन अगले ही चुनाव में उन्होंने फिर से वापसी की और नौल्था सीट से चुनाव जीता। इनेलो की सरकार में वह विधानसभा के अध्यक्ष बने। वर्ष 2010 तक हरियाणा फुटबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष बने।