क्राइमदेश

खौफनाक : अजमेर में युवक ने मां और छोटे भाई के सिर में हथौड़ा मारकर कर दी हत्या !

अजमेर : यहाँ के भिनाय कस्बे में बुधवार देर रात डरा देने वाली वारदात हुई। यहां एक युवक ने मां और छोटे भाई के सिर में हथौड़ा मारकर हत्या कर दी। आरोपी युवक पिता और तीन भाइयों की भी हत्या करना चाहता था। हालांकि, हल्ला और शोर शराबा होने से मुहल्ले के लोग आ गए। ऐसे में पिता और भाइयों की जिंदगी बच गई। वे घायल हुए हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से फरार हो गया। आरोपी अमरचंद्र जांगिड़ (25) रीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
बेटे ने ही पूरे घर को मिटाने के लिए इस वारदात को क्यों अंजाम दिया। यह अब तक स्पष्ट नहीं है। फिलहाल, पुलिस पारिवारिक कलह को कारण मान रही है। हालांकि, परिजनों से पूछताछ के बाद ही वारदात के कारण से पर्दा उठ पाएगा।
पुलिस ने बताया कि जिस परिवार में यह खूनी वारदात हुई, वह फर्नीचर बनाने का काम करता है। मां-पिता गांव में रहते थे, जबकि बाकी सभी भाई परिवार में एक साथ रहते थे। एक दिन पहले ही सभी भाई गांव आए थे। बुधवार देर रात आरोपी अमरचंद्र अपने कमरे से बाहर निकला। उसने बिजली का कटआउट निकालकर घर की लाइट बंद कर दी। इसके बाद मां कमला देवी (60) के कमरे में गया। उनके सिर में हथौड़ा मारकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद छोटे भाई शिवराज (22) के कमरे में गया और उसके भी सिर में हथौड़ा मारकर हत्या कर दी। इस दौरान शोर-शराबा हो गया। आरोपी को रोकने के लिए दूसरे कमरों में सो रहे पिता रामधन (65) और तीन अन्य भाई भागचन्द, ओमप्रकाश व ताराचन्द दौड़े। लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। वह उन सभी की हत्या करना चाहता था। हथौड़े के हमले में तीनों घायल हो गए। इस दौरान मुहल्ले के कुछ लोग जग गए और शोरशराबा हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया।