हरियाणा में खतरनाक गति से बढ़ रही कोरोना की रफ्तार !

चंडीगढ़ : हरियाणा में कोरोना की रफ्तार खतरनाक गति से बढ़ने लगी है। बुधवार को पांच माह बाद 2366 नए पॉजिटिव मिले हैं। वहीं, 11 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। चिंता की बात यह है कि कई माह बाद रिकवरी दर घटकर 93.94 पहुंच गई है। संक्रमण दर 4.74 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.06 प्रतिशत पहुंच गई है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 15 हजार के पार पहुंच गई है। गंभीर मरीजों की संख्या बढ़कर 219 पहुंच गई है। इनमें से 183 ऑक्सीजन और 36 मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं।
बुधवार को हरियाणा के फरीदाबाद, अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, सिरसा, भिवानी, फतेहाबाद, कैथल और जींद में एक- एक और यमुनानगर में दो मरीजों की मौत हुई है। राज्य के 10 जिलों में 100 से ज्यादा मरीज मिले। सबसे अधिक गुरुग्राम में 611, फरीदाबाद में 280, सोनीपत में 170, अंबाला में 129, करनाल में 222, पानीपत में 112, पंचकूला में 107, कुरुक्षेत्र में 166, यमुनानगर में 141 व जींद में 112 नए संक्रमित मिले। वहीं, रेवाड़ी में 8, नारनौल में 4, चरखी-दादरी में 3 और नूंह में 2 नए मरीज मिले।