निशानेबाज मनु भाकर के साथ अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बदसलूकी !
नई दिल्ली : भारत की अंतर्राष्ट्रीय महिला निशानेबाज मनु भाकर के साथ राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बदसलूकी किए जाने का मामला सामने आया है।
19 वर्षीय मनु भाकर ने शुक्रवार रात ट्वीट कर खुद को दिल्ली हवाईअड्डे पर रोके जाने और बदसलूकी करने का आरोप लगाया। उनका दावा है कि वैध दस्तावेज होने के बाद भी उन्हें एयर इंडिया कर्मियों ने विमान में चढ़ने से रोका और पैसे भी मांगे गए। हालांकि, खेल मंत्री किरण रिजिजू के हस्तक्षेप के बाद मामला सुलझ सका। मनु को मध्य प्रदेश शूटिंग एकेडमी में ट्रेनिंग के लिए भोपाल जाना था। रात करीब नौ बजे मनु एयर इंडिया की फ्लाइट पकड़ने पहुंची थीं। इस यात्रा के दौरान उनके पास दो बंदूक और कुछ गोलियां थीं।