क्राइमहरियाणा

गुरुग्राम में पिता ने सोती हुई बेटी की हत्या कर खुद लगा ली फांसी !

गुरुग्राम : यहाँ के सेक्टर 37 इलाके में एक शराबी पिता ने सोती हुई दस वर्षीय बेटी का गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जबकि कमरे सो रहे 12 वर्षीय बेटे को पिता ने जिंदा छोड़ दिया। इस घटना के बाद बेटा सुबह साढ़े तीन बजे उठा और घटना को देखकर अपनी मां को फोन किया।
मौके पर मां पहुंची और पुलिस को सूचना दी। यह घटना 19 जनवरी तड़के हुई थी और बेटी की हत्या का खुलासा 21 जनवरी को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ। पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर पति के खिलाफ बुधवार को सेक्टर-37 थाने में हत्या का मामला दर्ज किया।
मूलरूप से नेपाल की रहने वाली अमृता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 2007 में मोती लाल से हुई थी। उसका पति शराब पीने का आदी था और कोई काम नहीं करता था। पति उसके साथ मारपीट भी करता था, जिससे वह काफी परेशान रहती थी। ऐसे में तीन साल पहले वह पति और दोनों बच्चों को छोड़कर सरहौल गांव में अकेले रहने लग गई। एक निजी कंपनी में काम करना शुरू कर दिया। 19 जनवरी को तड़के साढ़े तीन बजे 12 वर्षीय बेटे सचिन का फोन आया। बेटे ने घटना के बारे में बताया और वह मौके पर पहुंची। मौके पर हालात देखकर पुलिस को सूचना दी। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने मनमुटाव और रंजिश में 10 वर्षीय बेटी खुशी की हत्या कर दी। उसके बाद खुद आत्महत्या की।