सेवानिवृत पुलिस महानिदेशक केके जुत्शी का निधन

गुरुग्राम: नागालैंड के सेवानिवृत पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) केके जुत्शी का 86 वर्ष की आयु में बुधवार को निधन हो गया। वह किडनी की बीमारी से ग्रस्त थे। उन्होंने सेक्टर-17 स्थित अपने निवास स्थान पर अंतिम सांस ली। गुरुग्राम पुलिस की टुकड़ी ने गार्ड आफ आनर के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी। बृहस्पतिवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया।
केके जुत्शी का जन्म 12 नवंबर 1934 को राजस्थान के जयपुर में हुआ था। 1959 में वह भारतीय पुलिस सेवा के लिए चयनित हुए थे। उन्हें पंजाब कैडर मिला था। हरियाणा राज्य के गठन के बाद उन्हें वर्ष 1966 में हरियाणा कैडर में शामिल किया गया था। वे नारनौल, अंबाला, हिसार एवं गुरुग्राम में पुलिस अधीक्षक के पद पर रहे। प्रदेश में पुलिस उप-महानिरीक्षक व पुलिस महानिरीक्षक के पद पर भी रहे। वर्ष 1987 में नगालैंड का पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया था। वहां पर वह 1990 तक रहे।
नागालैंड से आने के बाद उन्हें हरियाणा में महानिदेशक होमगार्ड नियुक्त किया गया था। इस पद पर ही रहते हुए वह 31 दिसंबर 1992 को सेवानिवृत हुए थे। अंतिम संस्कार में सेवानिवृत अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अनिल राव, पुलिस आयुक्त केके राव एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त कुलविदर सिंह सहित कई वर्तमान एवं पूर्व अधिकारी शामिल हुए। दिवंगत केके जुत्शी के बेटे सिद्धार्थ जुत्थी भी आइपीएस हैं। वह केंद्र सरकार में तैनात हैं। केके जुत्शी की बेटी एनआरआइ हैं।