दिल्ली में महिला ने की पति की हत्या, फेसबुक पर पोस्ट की जानकारी और खुद को मार लिया चाकू !

नई दिल्ली : दक्षिणी दिल्ली के छतरपुर इलाके में एक महिला ने अपने पति की हत्या के बाद फेसबुक पर उसकी हत्या की जानकारी पोस्ट की और फिर खुद को भी चाकू मार लिया। फेसबुक पर हत्या की जानकारी देख उनके मकान मालिक ने जाकर कमरा चैक किया। गेट न खुलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी। महरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का गेट तोड़ कर कमरे में प्रवेश किया। जहां पति पत्नी दोनों बेसुध पड़े थे। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों में 37 वर्षीय चिराग शर्मा को मृत घोषित कर दिया। जबकि पत्नी रेनूका शर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका अस्पताल के आईसीयू में उपचार चल रहा है। पुलिस ने फिलहाल संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि मृतक चिराग हरियाणा के यमुना नगर का रहने वाला है और रेनूका मध्यप्रदेश के उज्जैन की। दोनों एक ही बीमा कम्पनी के अलग-अलग विभाग में काम करते थे। जहां दोनों की दोस्ती हुई और दोनों ने लव मैरिज की थी। लव मैरिज के बाद दोनों जेवीटीएस गार्डन छतरपुर एक्सटेंशन स्थित मकान में 2013 से किराए पर रह रहे थे। इस मकान का मालिक सुकेत चौहान है। शादी के सात साल बाद भी दोनों के कोई बच्चा नहीं था। इस बात को लेकर दोनों पति पत्नी में झगड़े होते थे और दोनों के बीच तनाव रहता था।
रविवार को दोनों की अवकाश होने के चलते दोनों घर पर थे। दोनों के बीच झगड़ा हुआ और झगड़ा खत्म होने के बाद चिराग अपने कमरे में जाकर सो गया। चिराग के सोने के कुछ देर बाद रेनूका ने घर की रसोई में मौजूद चाकू से उस पर वार कर दिया और करीब एक दर्जन से ज्यादा वार किए। चिराग के बेसुध हो जाने के बाद रेनूका ने अपने पति की हत्या की पूरी कहानी फेसबुक पर लिखी और फिर एक सुसाइड नोट लिख कर उसी चाकू से खुद पर भी कई वार किए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।