निकाय चुनाव : रेवाड़ी, पंचकूला में बीजेपी, सोनीपत में कांग्रेस, अंबाला में हरियाणा जन चेतना पार्टी की जीत, 3 पालिकाओं में निर्दलीय विजयी !

चंडीगढ़ : हरियाणा में स्‍थानीय निकाय चुनाव में भाजपा ने पंचकूला नगर निगम के मेयर पद का चुनाव जीत लिया है। भाजपा को रेवाड़ी नगर परिषद के प्रधान पद पर भी जीत मिली है। सोनीपत नगर निगम के मेया पद के चुनाव मेें कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। अंबाला में हरियाणा जन चेतना पार्टी की प्रत्‍याशी की जीत हुई है। इसके अलावा तीन सांपला, धारुहेड़ा और उकलाना नगरपालिकाओं के अध्‍यक्ष पदों के चुनाव निर्दलीय प्रत्‍या‍शियों ने जीते हैं।
सोनीपत नगर निगम के मेयर पद के चुनाव में कांग्रेस के निखिल मदान ने जीत दर्ज की है। निखिल मदान 13818 वोट से जीते हैं 12वें राउंड की मतगणना के बाद वह 4440 वोटों से आगे थे। यहां 12वं राउंड तक भाजपा के ललित बत्रा को 43132 वोट और कांग्रेस के निखिल मदान को 47572 वोट मिले थे।
पंचकूला नगर निगम चुनाव बीजेपी प्रत्याशियों ने जीत का परचम लहराया है| कई वार्डों में जहां बीजेपी प्रत्याशी जीते हैं, वहीं मेयर पद पर कुलभूषण गोयल ने बाजी मारी है। शुरुआत से ही अपनी बढ़त बनाए हुए कुलभूषण गोयल ने आधे से ज्यादा दिन की कड़ी टक्कर के बाद कांग्रेस की उपिंदर कौर आहलूवालिया को 2057 वोटों से शिकस्त दे दी है।
अंबाला नगर निगम चुनाव में मेयर पद पर हरियाणा जन चेतना पार्टी की प्रत्‍याशी शक्ति रानी शर्मा जीत गई हैं। उन्‍होंने भाजपा की प्रत्‍याशी वंदना शर्मा को हराया है। शक्ति रानी हरियाणा के पूर्व मंत्री विनोद शर्मा की पत्‍नी हैं। 13 वें राउंड तक वह 7114 वोटों से आगे थीं। अंबाला से मेयर पद की प्रत्याशी शक्ति रानी शर्मा के पति विनोद शर्मा ने जीत का श्रेय अंबाला शहर की जनता को दिया। दूसरी ओर भाजपा प्रत्‍याशी वंदना शर्मा ने कहा कि हार की समीक्षा कर कमियों को दूर करेंगे।
रेवाड़ी नगर परिषद में प्रधान पद के लिए बेहद कड़ी टक्कर में भाजपा की पूनम यादव ने निर्दलीय प्रत्याशी उपमा यादव को हराकर चुनाव जीत लिया। यहां 14वें राउंड में भाजपा की पूनम यादव को 23463, निर्दलीय उपमा यादव को 21357 और कांग्रेस की विक्रम यादव को 14138 वोट मिले।
धारूहेड़ा नगर पालिका में प्रधान पद पर निर्दलीय प्रत्याशी कंवर सिंह ने जीत दर्ज की है। कंवर सिंह को 3048 वोट मिले हैं। कंवर सिंह धारूहेड़ा के पूर्व सरपंच भी रहे हैं। दूसरे नंबर पर रहे संदीप बोहरा को 2416 वोट मिले हैं। जजपा की टिकट पर चुनावी मैदान में उतरे मानसिंह को 1657 वोट ही मिल पाए।
उकलाना नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए कुल 11 उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें से कड़ी टक्कर के बाद निर्दलीय उम्मीदवार सुशील साहू ने भाजपा के साथ मिलकर लड़े जजपा के उम्मीदवार महेंद्र सोनी को 419 वोट से हराया है।
सिरसा में वार्ड 29 के उपचुनाव में हरियाणा लोकहित पार्टी (HLP) की निशा बजाज ने आजाद प्रत्याशी सुषमा मल्होत्रा पर 422 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की हैं। इस चुनाव में भाजपा की अंजनी मेहता को 630, कांग्रेस की रेखा मौर्य को 355 वोट मिले। विजयी प्रत्याशी निशा बजाज को 1094 वोट मिले । निशा बजाज विधायक गोपाल कांडा समर्थित थी। चुनाव में 18 वोट नोटा को मिले हैं।
27 दिसंबर को चुनाव के लिए करीब 60 फीसदी मतदान हुआ था। राज्य चुनाव आयोग के निर्देश पर संबंधित जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए हैं। सोनीपत, पंचकूला व अंबाला नगर निगम, रेवाड़ी नगर परिषद, सांपला, धारूहेड़ा और उकलाना नगरपालिका के चुनाव हुए हैं। मेयर, नगर परिषद व नगरपालिका अध्यक्ष का सीधा चुनाव हुआ है।

1. पंचकूला नगर निगम- मेयर पद पर भाजपा के कुलभूषण गोयल जीते।
2. सोनीपत नगर निगम – मेयर पद पर कांग्रेस के निखिल मदान जीते।
3. अंबाला नगर निगम – मेयर पद पर ह‍रियाणा जन चेतना पार्टी शक्ति रानी शर्मा जीती।
4. उकलाना नगरपालिका- अध्‍यक्ष पद पर निर्दलीय सुशील कुमार साहू जीते।
5. धारूहेड़ा नगरपालिका- अध्‍यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार कंवर सिंह जीते
6. सांपला नगरपालिका – अध्‍यक्ष पद पर निर्दलीय पूजा जीतीं।
7. रेवाड़ी नगर परिषद – अध्‍यक्ष पद पर भाजपा की पूनम यादव जीतीं।