हरियाणा के सांघी गांव के कुएं में साधु और अधेड़ का शव मिलने से सनसनी !

रोहतक : रोहतक के सदर थाना क्षेत्र के सांघी गांव के पास कुएं में साधु और अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को बाहर निकाला। अधेड़ की पहचान सोनीपत जिले के कथुरा गांव निवासी 40 वर्षीय महेंद्र के रूप में हुई, जबकि साधु का नाम पता नहीं चल सका। साधु करीब दो साल से कथुरा गांव के वाल्मीकि आश्रम में रहता था। प्राथमिक जांच में पता चला है कि नशे के कारण कुएं के पानी में गिरने से दोनों की मौत हुई है। फिलहाल पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुधवार को कुछ राहगीर सांघी गांव से कथुरा वाले रास्ते से निकल रहे थे। जिस पर बाबा वाली कुई के नाम से एक प्रसिद्ध कुआं है, जिसमें काफी पानी भरा रहता है। राहगीरों ने देखा कि कुएं में दो लोगों के शव पड़े हुए हैं। इसके बाद सदर थाना पुलिस को सूचना दी। कुएं में दो शव पड़े होने का पता चलते ही पुलिस में भी हड़कंप मच गया। डीएसपी सज्जन कुमार मौके पर पहुंचे। एफएसएल इंचार्ज डा. सरोज दहिया मलिक को भी मौके पर बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकला। जिसमें एक शव करीब 62 वर्षीय साधु का था।
जबकि दूसरे व्यक्ति की उम्र करीब 49 साल थी। पुलिस ने आसपास के गांव के लोगों को बुलाया, तब जाकर अधेड़ की पहचान कथुरा गांव निवासी महेंद्र के रूप में हुई। महेंद्र के बड़े भाई सतपाल ने उसकी शिनाख्त की। जिसने बताया कि साधु उनके गांव में वाल्मीकि आश्रम में रहता था। हालांकि किसी को भी उसका नाम नहीं पता। सभी बाबा कहकर बुलाते थे। दोनों नशे के आदी थे। स्वजनों ने भी आशंका जताई है कि नशे के कारण पानी में गिरने से उनकी मौत हो गई।