हमारे हौसले हमारी चुनौतियों से बड़े : डीजीपी ओपी सिंह
चंडीगढ़ : हरियाणा के पुलिस महानिदेशक ओ पी सिंह ने अपना कार्यभार सँभालते ही पुलिस विभाग के प्रदेश भर के अधिकारियो व कर्मचारियों को वायरलैस के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने अपने सम्बोधन में न केवल पुलिस जवानों, अधिकारीयों का हौसला बढ़ाया बल्कि उन्हें साहस, हिम्मत और मेहनत के मूल मंत्र की याद भी दिलाई।
डीजीपी श्री सिंह ने कहा कि हरियाणा पुलिस के जवानो का योगदान अहम है जो दिन-रात मेहनत करते हैं और अपनी जान जोखिम में डाल लोगों की रक्षा करते हैं। आमजन व सरकार को पुलिस से बड़ी उम्मीदें है और सभी पुलिसकर्मी जी-तोड़ मेहनत कर हर उम्मीद पर खरे उतरेंगे । उन्होंने साफ़ किया कि ठगो व बदमाशों पर नकेल कसेंगे क्योंकि इनका सभ्य समाज में इनको कोई स्थान नहीं है।
श्री सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि पुलिस विभाग उनका परिवार है तो हरियाणा उनकी कर्मभूमि और उनके बच्चों की जन्मभूमि है। उन्होंने सन्देश दिया कि उतार-चढ़ाव जीवन की नियति है इसलिए हर कोई धैर्य और अनुशासन रखें। वे बोले कि जवानों और अधीनस्थ पुलिस कर्मियों के प्रति उनके मन में अपार सम्मान का भाव है और वे उनके कल्याण के प्रति कटिबद्ध हैं।