मानेसर बना हरियाणा का 11 वां नगर निगम, क्षेत्र के लोगो मे खुशी की लहर

मानेसर (संदीप यादव) : बुधवार को सम्पन्न हुई हरियाणा केबिनेट की बैठक में अंततः मानेसर नगर निगम पर मुहर लग गई। पिछले काफी समय से मानेसर क्षेत्र के लोग नगर निगम की मांग कर रहे थे जोकि अब पुरी हो गई। बुधवार को मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर द्वारा घोषणा करने के बाद से ही क्षेत्र के लोगो मे उत्साह की लहर दौड़ गई हैं। मानेसर क्षेत्र के निवासियों ने चंडीगढ़ पहुंच माननीय मुख्यमंत्री व स्थानीय विधायक सत्यप्रकाश जरावता का अभिवादन किया व मिठाई खिलाई। स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में शिविर, पानी निकासी व अन्य कई समस्याएं वर्षों से लंबित पड़ी हैं लेकिन अब नगर निगम बनने के बाद सभी समस्याओं के निवारण की सम्भावना बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक सत्यप्रकाश जरावता का तहेदिल से अभिवादन किया व कहा कि यह उनके अथक प्रयासों के कारण ही सम्भव हुआ है। गुरुग्राम सरपंच एसोसिएशन के अध्यक्ष सुंदरलाल यादव, पूर्व चेयरमैन ओमप्रकाश यादव, देविंदर शिकोहपुर, प्रवीण यादव, देविंदर मास्टर, एडवोकेट विनोद चौहान, शशि यादव, प्रदीप सरपंच नोरंगपुर, लक्ष्मण यादव, वीरेंद्र पार्षद, अशोक कुमार, अजित यादव आदि ग्रामीणों ने बताया कि मानेसर को नगर निगम बनाया जाने से क्षेत्र के लोगों को काफी फायदा हो जाएगा। इसके साथ ही यहां विकास के रास्ते भी खुल जाएंगे। मानेसर को नगर निगम बनाया जाने पर स्थानीय लोगों ने स्थानीय विधायक सत्यप्रकाश जरावता को बधाई भी दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि मानेसर को नगर निगम बनाया जाने से यहां के लोगों को काफी फायदा होगा।
सत्यप्रकाश जरावता, विधायक पटौदी ने कहा मानेसर को हरियाणा प्रदेश का 11वां नगर निगम बनाने पर पूरे क्षेत्र की जनता की तरफ से हम माननीय मुख्यमंत्री मनोहरलाल व स्थानीय शहरी निकाय मंत्री अनिल विज का धन्यवाद करते हैं। नगर निगम बनाया जाने से सोसायटियों में रहने वाले लोगों के साथ ग्रामीणों को भी फायदा होगा।