क्रिकेटर सुरेश रैना और मशहूर पंजाबी गायक गुरु रंधावा गिरफ्तार, जमानत पर रिहाई !

-क्रिकेटर सुरेश रैना को कोरोना काल में दोस्तों संग पार्टी करना पड़ा महंगा
-मुंबई के नाइट क्लब में छापे के दौरान अन्य सहित गिरफ्तार
मुंबई : भारत के स्टार क्रिकेटर रहे सुरेश रैना को कोरोना काल में दोस्तों संग पार्टी करना महंगा पड़ गया। जानकारी के अनुसार मुंबई के जिस नाइट क्लब ‘ड्रैगन फ्लाई’ में वह पार्टी कर रहे थे वहां पुलिस का छापा पड़ गया। पुलिस ने पार्टी कर रहे करीब 34 लोगों को गिरफ्तार किया जिनमें क्रिकेटर सुरेश रैना के साथ-साथ मशहूर पंजाबी गायक गुरु रंधावा समेत अन्य लोग भी शामिल थे।
जानकारी के अनुसार सुरेश रैना और गुरु रंधावा को जमानत मिल गई। रैना और गुरु रंधावा पर धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूर्व बल्लेबाज की प्रबंधन टीम द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि 34 साल के रैना को घटना के वक्त स्थानीय समय सीमा (क्लब खुला रहने की) और दूसरे नियमों की जानकारी नहीं थी।
बयान के मुताबिक, ‘सुरेश एक शूट के लिए मुंबई में थे, जो देर तक चला था। उनके एक मित्र ने उन्हें दिल्ली रवाना होने से पहले रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया था। उन्हें स्थानीय समय सीमा और नियमों की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा इस बारे में बताये जाने के बाद उन्होंने (रैना) तुरंत अधिकारियों द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं का अनुपालन किया और अनजाने में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर अफसोस जताया। इसी बीच जमानत पर रिहा होने पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने ‘अनजाने’ में हुई इस ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ घटना पर अफसोस जताया।