हरियाणा की पहली महिला बस कंडेक्टर बनी दुल्हन, पति सचिन के साथ हेलीकॉप्टर से हुई विदा

सिरसा : हरियाणा में कुछ बेटियां ऐसी भी हैं जिन्‍होंने उन पेशों को अपनाया जिनको करते हुए मर्दों के भी पसीने छूट जाते हैं। इस कड़ी में सिरसा की एक बेटी शैफाली का नाम भी दर्ज है। जो हरियाणा की पहली महिला परिचालक बनी और खचाखच भरी बसों में टिकट काटती नजर आईं और सुर्खियों में रहीं। मगर वो अब फिर से चर्चा में हैं, बस वजह अलग है। हाथ में थैला लिए साधारण वेशभूषा में हरियाणा रोडवेज की बसों में टिकट काटने वाली शैफाली अब दुल्‍हन के जोड़े में नजर आई है।
मगर इससे भी खास ये रहा कि सिरसा जिले के एचएसवीपी सेक्टर में रहने वाले पवन मांडा की बेटी शैफाली दुल्हन बनकर अपने पति सचिन सहारण के साथ हेलीकॉप्टर से विदा हुई। देखने वालों का तांता लग गया। परिवार में चार पीढिय़ों से कोई बेटी नहीं जन्मी थी। जब शैफाली पैदा हुई तो परिवार ने खूब लाड प्यार से पाला। पिता के साथ साथ चाचा प्रवीण मांडा व राजवीर मांडा ने शैफाली की शादी को यादगार बनाते हुए उसे हेलीकाप्टर में बैठाकर विदाई दी।
शैफाली का ससुराल गांव कैरांवाली सिरसा से करीब 25 किलोमीटर दूर है। सोमवार दोपहर सवा एक बजे हेलीकाप्टर ग्लोबल स्पेस के समीप मैदान में उतरा। सवा दो बजे दुल्हा दुल्हन को लेकर रवाना हो गया। इसके बाद करीब 15 मिनट बाद शैफाली अपने ससुराल पहुंच गई। शैफाली वर्तमान में एमए पीएचडी कर रही है। इससे पहले शैफाली ने करीब दो साल पहले रोडवेज कर्मचारियों की 2018 में हड़ताल के दौरान रोडवेज में महिला परिचालक के तौर पर ज्वाइन किया था परंतु कुछ दिनों बाद हड़ताल खत्म हो गई, जिसके चलते वो दोबारा पढ़ाई करने लगी। शैफाली के पति सचिन सहारण पीएनबी में फील्ड ऑफिसर है।