भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दी वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोती लाल वोरा को भावभीनी श्रद्धांजलि

चंडीगढ़: पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोती लाल वोरा के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के कोषाध्यक्ष, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और उत्तरप्रदेश के राज्यपाल समेत कई पदों को सुशोभित करने वाले मोती लाल वोरा जी का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूर्णीय क्षति है। उनके पास दशकों का अद्धभुत प्रशासनिक और संगठनात्मक अनुभव था, जिसके ज़रिए उन्होंने देश, समाज और पार्टी की सेवा की।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मोतीलाल वोरा जी का निधन उनके लिए निजी क्षति भी है। क्योंकि उनका साथ और आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ रहा। वोरा जी कांग्रेस पार्टी की विचारधारा के प्रति निष्ठा और समर्पण के प्रतीक थे। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में हमेशा उच्च सिद्धांतों की पालना करते हुए उच्च पदों पर सेवाएं दीं। उनका जीवन, कर्मठता और सेवा भाव हमेशा-हमेशा हमें प्रेरणा देता रहेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने स्वर्गीय मोतीलाल वोरा जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट की।