बॉलीवुड एक्‍टर सुशांत सिंह राजपूत के पिता के के सिंह को हार्टअटैक, अस्पताल में भर्ती !

फरीदाबाद : बॉलीवुड एक्‍टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से उनका पूरा परिवार दुख में है। इस सदमे से घिरे उनके पिता केके सिंह को हार्ट-अटैक आया है। उन्‍हें फरीदाबाद के एक अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है। इस खबर के सामने आने के बाद हरियाणा से बिहार सहित पूरे देश में सुशांत के चाहने वाले उनके पिता की सलामती की दुआएं मांग रहे हैं।
बताते चलें कि फरीदाबाद के पुलिस कमिश्नर ओपी सिंह सुशांत सिंह राजपूत के जीजा हैं। सुशांत सिंह की मौत के बाद उनके पिता श्री सिंह यहां फरीदाबाद में ही रह रहे हैं। पता चला कि बीती रात सिंह को हार्ट प्रॉब्‍लम की वजह से फरीदाबाद के एशियन अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थि‍ति में सुधार हो रहा है। उनकी देखरेख सुशांत की बहनें प्रियंका और मीतू सहित परिवार के अन्‍य लोग कर रहे हैं। सिंह की अस्‍पताल की तस्‍वीरें इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिस पर सुशांत के फैन प्रतिक्रिया दे रहे हैं।