कांग्रेस पार्टी सिंबल पर लड़ेगी निकाय चुनाव

चंडीगढ़ : कांग्रेस इस बार खुलकर चुनावी रण में उतरेगी। हरियाणा कांग्रेस की प्रधान कुमारी सैलजा ने वीरवार को घोषणा की है कि पार्टी नगर निगम के चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ेगी। वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ गहन मंथन के बाद यह निर्णय लिया गया है।
पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा नहीं चाहते थे कि कांग्रेस सिंबल पर शहरी निकाय चुनाव लड़े। इस मुद्दे पर उनका तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष डा. अशोक तंवर से टकराव हो चुका है। सैलजा ने जब निगम चुनाव पार्टी सिंबल पर लडऩे का संकेत दिया था, तब भी हुड्डा नहीं चाहते थे कि ऐसा किया जाए, लेकिन कुछ अपनी मनवाने और कुछ दूसरों की मानने की रणनीति अपनाते हुए हुड्डा निगम चुनाव पार्टी सिंबल पर लडऩे को राजी हो गए हैैं।
प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि अंबाला, पंचकूला और सोनीपत में नगर निगम चुनाव को लेकर उन्होंने हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल, विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व अन्य वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ व्यापक रूप से विचार विमर्श किया है। इसके बाद निर्णय लिया गया कि पार्टी अपने चुनाव चिन्ह पर उम्मीदवार मैदान में उतारे।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दिसंबर 2018 में हुए पानीपत, करनाल, हिसार, रोहतक और यमुनानगर नगर निगम के चुनाव में भी पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ने की सिफारिश की थी, लेकिन तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने इसमें अड़ंगा लगा दिया। इसके चलते तब हुड्डा ने अघोषित रूप से अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे थे। हालांकि तब सत्तारूढ़ भाजपा पांचों नगर निगमों में कमल खिलाने में सफल रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *