बज गया हरियाणा में निगम चुनावों का बिगुल, ईवीएम मशीनों से 27 दिसंबर को होंगे चुनाव

चंडीगढ़ : हरियाणा के सात शहरों में निगम चुनावों का बिगुल बज गया है। पंचकूला, अंबाला सिटी और सोनीपत नगर निगम के साथ रेवाड़ी नगर परिषद, सांपला, धारूहेड़ा और उकलाना नगर पालिका के आमचुनाव 27 दिसंबर को होंगे। चुनावों के नतीजे 30 दिसंबर को घोषित होंगे। चुनावों की घोषणा के साथ ही इन निकायों के दायरे में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। एम-2 ईवीएम मशीनों से चुनाव होंगे और इसके लिए मशीनों का प्रबंध केंद्रीय चुनाव आयोग से किया गया है।
कोरोना काल में एक साथ 7 शहरों में पहली बार चुनाव हो रहा है। ऐसे में चुनाव आयोग ने केंद्रीय गृह व स्वास्थ्य मंत्रालय की गाइड लाइन को हूबहू लागू करने का फैसला लिया है। जिस तरह से बिहार विधानसभा के आमचुनावों व बरोदा उपचुनाव में केंद्रीय चुनाव आयोग ने कोविड-19 गाइड लाइन के अंतर्गत चुनाव करवाए थे, उसी तरह से निगम, परिषद व पालिकाओं के चुनावों में भी इसे फॉलो किया जाएगा। इतना ही नहीं, कोरोना मरीजों को मतदान के आखिरी एक घंटे में वोटिंग करने का मौका मिलेगा।
इंद्री नगर पालिका के वार्ड-7, फतेहाबाद नगर परिषद के वार्ड-14 तथा सिरसा नगर परिषद के वार्ड-29 के उपचुनाव भी इसी दिन होंगे। चुनाव आयोग ने मतदान और मतगणना में दो दिन का गेप इसीलिए रखा है ताकि अगर कहीं दोबारा से चुनाव करवाना पड़े तो इसके लिए समय मिल सके। कोरोना महामारी को देखते हुए आयोग ने मतदान केंद्रों की संख्या में बढ़ोतरी की है। पहले एक मतदान केंद्र पर 1500 तक मतदाता वोट डाल सकते थे, लेकिन इन चुनावों में एक बूथ पर 1000 से अधिक वोटर नहीं होंगे।
चुनाव आयोग ने ड्रा के जरिये मेयर व अध्यक्ष पद के अलावा वार्डों की आरक्षण सूची भी जारी कर दी है। अंबाला सिटी नगर निगम में मेयर का पद महिला के लिए रिजर्व रहेगा। वहीं पंचकूला व सोनीपत नगर निगम में मेयर का पद अनारक्षित रहेगा। यानी यहां पुरुष, महिला या किसी भी जाति के लोग मेयर का चुनाव लड़ सकेंगे। इसी तरह से रेवाड़ी नगर परिषद में चेयरमैन का पद पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। सांपला नगर पालिका में अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति की महिला के लिए रिजर्व किया है। धारूहेड़ा और उकलाना नगर पालिका का अध्यक्ष पद ओपन रहेगा।
सीधे होंगे मेयर व अध्यक्ष के चुनाव
करीब दो साल पहले दिसंबर-2018 में पांच नगर निगमों – यमुनानगर, करनाल, पानीपत, रोहतक व हिसार में मेयर के चुनाव डायरेक्ट हुए थे। अब पंचकूला, अंबाला सिटी व सोनीपत नगर निगम में मेयर के अलावा रेवाड़ी नगर परिषद में चेयरमैन, धारूहेड़ा, सांपला व उकलाना नगर पालिका में अध्यक्ष के सीधे चुनाव करवाए जाएंगे। पांच निगमों में मेयर के सीधे चुनावों के बाद ही सरकार ने नगर परिषदों और नगर पालिकाओं के लिए भी यह फैसला लिया था और इसके लिए कानून में बदलाव किया था।
चुनाव कार्यक्रम-एक नजर में
चुनाव नोटिफिकेशन 4 दिसंबर
नामांकन प्रक्रिया 11 से 16 दिसंबर
नामांकनों की छंटनी 17 दिसंबर
नामांकन वापसी 18 दिसंबर
मतदान 27 दिसंबर
मतगणना 30 दिसंबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *