गुरुग्राम बॉर्डर पर चौकसी बनी जाम का कारण

गुरुग्राम: कृषि कानून के विरोध में देशभर के अलग-अलग किसान संगठनों ने गुरुवार को दिल्ली कूच कर अनिश्चितकालीन धरना देने का ऐलान किया है। गुरुवार को पंजाब और हरियाणा के किसान दिल्ली कूच करने वाले हैं। ऐसे में गुरुग्राम पुलिस और दिल्ली पुलिस ने बॉर्डर पर चौकसी बढ़ा दी है। दिल्ली पुलिस ने बुधवार दोपहर बाद से ही गुरुग्राम से दिल्ली और दिल्ली से गुरुग्राम में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच के बाद ही प्रवेश दिया। इससे बार्डर पर जाम जैसी स्थिति बनी।
बॉर्डर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। ताकि किसान दिल्ली में प्रवेश नहीं कर सके। इसके अलावा गुरुवार और शुक्रवार को दिल्ली जाने के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा सकता है। हरियाणा पुलिस एडवाइजरी भी जारी कर चुकी है।
किसानों के दिल्ली कूच के बाद बुधवार दोपहर बाद से दिल्ली और गुरुग्राम पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। किसानों को दिल्ली में बिल्कुल भी प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। हालांकि, गुरुग्राम पुलिस की खुफिया रिपोर्ट के अनुसार गुरुग्राम से किसान दिल्ली नहीं जाएंगे, लेकिन उसके बाद भी गुरुग्राम पुलिस ने बॉर्डर पर सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। कापसहेड़ा बॉर्डर, सरहौल और आया नगर बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस ने बेरिकेडिंग कर दी। दिल्ली पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों को भी सुरक्षा में लगाया गया है। गुरुग्राम से दिल्ली और दिल्ली से गुरुग्राम में जाने वाले सभी की जांच के बाद ही उनको प्रवेश दिया जा रहा है। इसके अलावा करीब आधा किलोमीटर तक जाम लगा गया।
गुरुग्राम पुलिस ने फरीदाबाद से भी आने वाले वाहनों की जांच के लिए भी ग्वाल पहाड़ी पर नाका लगाया गया है। इसके अलावा शहर के अन्य रूटों पर भी नाके लगाकर जांच की जा रही है। ताकि सुरक्षा व्यवस्था कायम रहे। हालांकि, गुरुग्राम के किसान दिल्ली में होने वाले धरने में शामिल नहीं होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *