दिल्ली में टूटा 14 साल का रिकॉर्ड, नवंबर में ही दिसंबर जैसी सर्दी
नई दिल्ली : दिल्ली के लोग इस बार नवंबर में ही दिसंबर जैसी ठंड का सामना कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह नवंबर में पिछले 14 सालों में सबसे कम तापमान है।
दिल्ली में इस बार मौसम अलग-अलग रिकॉर्ड तोड़ने में लगा है। मौसम में लगातार ठंड का अहसास बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को सफदरजंग मौसम केन्द्र में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इससे पूर्व वर्ष 2006 में 29 नवंबर की तारीख को न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। इस तरह से यह बीते चौदह सालों में नवंबर महीने की सबसे ठंडी सुबह रही। यह न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे है।