स्ट्रीट डॉग रॉकी पहुंची लंदन

फरीदाबाद: पिछले साल ट्रेन की चपेट में आकर घायल हुई बेजुबान स्ट्रीट डॉगी रॉकी लंदन पहुंच गई है। यहां रहने वाली महिला लीला ने रॉकी को गोद लिया है। वह लंदन के लिए 18 नवंबर को रवाना हुई थी। बृहस्पतिवार को रॉकी लंदन पहुंची तो लीला व उसके साथियों ने सोशल मीडिया पर रॉकी के साथ अपनी खुशनुमा फोटो साझा की है। वहीं, फरीदाबाद में रॉकी की विदाई से एक दिन पूर्व उसका विदाई पार्टी आयोजित की गई थी।
ट्रेन हादसे के बाद से रॉकी को अपने दो पैर गंवाने के बाद खाना तलाशने में काफी दिक्कत होती थी। सोशल मीडिया के माध्यम से लंदन में रहने वाली लीला को इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने इसे गोद लेने का फैसला कर लिया। पीपल फॉर एनीमल ट्रस्ट फरीदाबाद के अध्यक्ष रवि दुबे ने बताया कि रॉकी पिछले साल बल्लभगढ़ स्टेशन नजदीक ट्रेन की चपेट में आ गई थी। इससे उसके आगे के दोनों पैर खराब हो गए थे, जबकि पीछे वाले पैर में भी चोट आई थी। उस समय आरपीएफ कांस्टेबल चंद्रपाल तंवर रॉकी को लेकर सोहना पुल सरूरपुर रोड स्थित पीपल फॉर एनीमल ट्रस्ट के कार्यालय पहुंचे थे।
ट्रेन के पहियों के नीचे आने की वजह से उसके आगे के दोनों पैर बिलकुल खराब हो गए थे और खून अधिक बह जाने की वजह से उसे बचाना बहुत मुश्किल हो रहा था, लेकिन डॉक्टरों ने उसके आगे के दोनों पैर काटकर उसे नया जीवन दिया। उन्होंने बताया कि सड़कों पर घूमने वाली डॉग होने की वजह से उसका कोई नाम नहीं था, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे रॉकी नाम दिया। ठीक होने के बाद उसे बल्लभगढ़ स्टेशन पर छोड़ने गए, मगर आरपीएफ अधिकारियों ने उसे वापस ले जाने का अनुरोध किया। रवि आरपीएफ जवानों के अनुरोध को मान गए और उसे अपने साथ कार्यालय ले आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *