फरीदाबाद में जंगली जानवर लंगूर को बनाया शिकार, लोगों में दहशत

फरीदाबाद : यहां के अशोक एन्क्लेव एरिया में एक जंगली जानवर ने एक लंगूर का शिकार कर दिया। इस घटना का पता चलते ही लोगों में दहशत फैल गई। वन विभाग के कर्मचारियों ने छानबीन शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक उस जंगली जानवर का कोई पता नहीं चला है। लोग सीसीटीवी फुटेज देखकर उस जानवर के लकड़बग्घा होने का अनुमान लगा रहे हैं। आरडब्ल्यूए ने सुबह और शाम के वक्त घर से बाहर न निकलने की एडवायजरी जारी की है।
उक्त घटना अशोक एंकलेव सी. ब्लाक पार्ट नंबर-2 स्थित इस्कॉन मंदिर के पास हुई जहा लोगों ने सुबह एक लंगूर का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पाया। मंदिर के पास एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में यह घटना कैद की गई। लोगों ने देखा कि छोटे पुल के नीचे दो जानवर भाग रहे हैं। इनमें से एक जानवर दूसरे का पीछा कर रहा है। इनमें से एक जानवर के लकड़बग्घा होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसके बाद लोगों का अनुमान था कि इसी जंगली जानवर ने मारकर लंगूर को खाया है।
आरडब्ल्यूए के प्रधान विनोद गुप्ता, उपप्रधान श्याम यादव, मंदिर के प्रतिनिधि गोपेशवर ने तुरंत वन विभाग के अधिकारियों को इस हादसे के बारे में सूचित किया। वन कर्मचारियों ने इलाके चप्पे-चप्पे को खंगाला, लेकिन उस जंगली जानवर का कहीं भी सुराग नहीं लगा। वन और पुलिस अधिकारियों ने लोगों को एहतियात बरतने की हिदायत दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *