“दिल्ली की सर्दी”, तापमान गिरकर 9.4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

नई दिल्ली : सर्द हवाओं एवं पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में जारी बर्फबारी के कारण गुरुवार को राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान गिरकर 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान है।
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में गुरुवार को दर्ज किया गया न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। बुधवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग के अनुसार, सामान्य तौर पर सफदरजंग वेधाशाला 19 से 21 नवंबर के बीच न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज करती है। इसके अनुसार 22 नवंबर से 26 नवंबर के बीच औसत न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने इससे पहले कहा था कि पिछले चार पांच सालों की अपेक्षा इस साल नवंबर महीने के अधिक सर्द रहने का अनुमान है। भारतीय मौसम विभाग ने इससे पहले दिल्ली में न्यूनतम तापमान में गिरावट का अनुमान लगाया था क्योंकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने के साथ साथ सर्द हवा चलनी शुरू हो चुकी है। अधिकारियों के अनुसार 16 नवंबर को छोड़ कर इस इस महीने न्यूनतम तापमान सामान्य से दो-तीन डिग्री सेल्सियस कम ही दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *