लिव इन पार्टनर की हत्या कर भागा नेपाली

गुरुग्राम: यहां अशोक विहार में रहने वाले मूल रूप से नेपाल निवासी एक युवक ने अपनी लिव इन पार्टनर की हत्या कर दी। इसके बाद शव को कंबल में लपेटकर आरोपित फरार हो गया।
शव सड़ गल गया और बदबू के पूरे मकान में फैलने पर मकान मालिक ने खिड़की से देखा तो महिला का शव मिला। कमरे में बाहर से ताला लगा हुआ था।सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया। सेक्टर पांच थाना पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
आरोपित भारत थापा अशोक विहार की गली नंबर पांच स्थित सुखपाल के मकान में किराये पर कमरा लेकर लिव इन पार्टनर नैना के साथ रह रहा था। भारत सेक्टर पांच मार्केट के पास रेहड़ी लगाता था। चार दिन से भारत के कमरे में ताला लगा हुआ था। हरियाणा पुलिस से रिटायर सुखपाल ने समझा कि दोनों दिल्ली गए होंगे। वह पहले भी जाते रहे थे।
मंगलवार सुबह उन्हें कमरे से आती बदबू का अहसास हुआ तो उन्होंने भारत को कॉल की लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद उन्होंने खिड़की से देखा तो कंबल में लिपटा शव नजर आया। उन्होंने सूचना भेजकर पुलिस को बुलाया। पुलिस टीम ने ताला तोड़ शव कब्जे में लिया।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेंद्र ने कहा भारत के मिलने के बाद ही पता चलेगा कि नैना की हत्या उसने क्यों की? दोनों में दस दिन पहले लड़ाई होने की बात पड़ोसी ने बताई है। आरोपित की गिरफ्तारी करने के लिए पुलिस टीम लगा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *