अब एक क्लिक पर खुलेगी जालसाजों की कुंडली
गुरुग्राम : गुरुग्राम पुलिस ने साइबर अपराध के मामलों की जांच के लिए सॉफ्टवेयर तैयार किया है। सॉफ्टवेयर की मदद से एक क्लिक पर अब जालसाज की पूरी कुंडली खुल जाएगी। अब जांच कर रहे पुलिसकर्मी को साइबर अपराधी के रिकॉर्ड के लिए फाइलों को नहीं देखना पड़ेगा।
सिर्फ एक क्लिक पर मिलेगी पूरी जानकारी। जांच के दौरान आने वाले मोबाइल नंबर,जालसाज का पता,नाम सहित अन्य जानकारी साफ्टवेयर की मदद से पता चल जाएगी। पूराने रिकॉर्ड में अब पुलिसकर्मियों को अपना समय खराब नही करना पड़ेगा। गुरुग्राम पुलिस ने सॉफ्टवेयर में पिछले एक साल का डाटा अपलोड किया है। इस साल जालसाजों ने ग्यारह महीनों में छह हजार से ज्यादा लोगों से ठगी की और करोड़ों रुपये ठग लिए। लॉकडाउन में जालसाजों ने लोगों को ठिकाना बनाया। साल 2018 में गुरुग्राम में प्रदेश का पहला साइबर थाना खुला था। तब से अब तक साइबर के अपराधों में गुरुग्राम पुलिस जांच करती और कुछ मामलों को सुलझाया भी गया। लेकिन गुरुग्राम पुलिस ने साइबर अपराध करने वाले जालसाजों का डाटा का सही रखरखाव नहीं किया। इससे कई दिक्कतों का पुलिसकर्मियों को सामना करना पड़ता था। जालसाज द्वारा कई ठगी की वारदातों को अंजाम दिया जाता है,लेकिन डाटा का सही रखरखाव नहीं होने के कारण जालसाज का पूरा इतिहास पता करने में काफी समय खराब होता था। सॉफ्टवेयर की मदद से अब यह दिक्कतें सामने नहीं आएगी।
पुलिसकर्मी मामले की जांच के दौरान सामने आए मोबाइल नंबर,आईएमआई नंबर,नाम सहित अन्य को सॉफ्टवेयर में फीड करेगा। एक क्लीक पर पता चल जाएगा कि उस जालसाज ने पहले ही अपराध किए है या नहीं। इसके अलावा अगर किए है,तो कब किया था और उसकी गिरफ्तारी हुई थी या नहीं। यह सब जांच करने और कोर्ट में पेश करने के दौरान पुलिस के लिए काफी मदद करेगा। इसके अलावा यह भी जानकारी मिलेगी कि जालसाज कौन सी कंपनी के सिम कार्ड प्रयोग कर रहे है। इसके अलावा जालसाज किस मोबाइल की दुकान से सिम कार्ड खरीद रहे है। ऐसे जालसाजों की मदद करने वालों के बारे में भी पता चल जाएगा।