हुड्डा के राजनीतिक जीवन का यह आखिरी चुनाव : ओम प्रकाश धनखड़

बरोदा उपचुनाव पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के राजनीतिक जीवन का आखिरी चुनाव है। उनके दिन लद चुके हैं। कांग्रेस में उनका अस्तित्व खत्म हो चुका है। कांग्रेस में अब उन्हें कोई भी नहीं पूछता। कांग्रेस द्वारा जारी कोई भी लिस्ट उठा कर देख लेना, आप को किसी भी लिस्ट में भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का नाम कहीं भी नहीं मिलेगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने बराेदा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर दत्त के समर्थन में प्रचार करते हुए यह बात कही। कांग्रेस पर तीखे प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति झूठ के सहारे चलती है। झूठ के सहारे किसानों को बरगला कर वह अपनी राजनीति को जिंदा रखने की नाकाम कोशिश कर रही है। लेकिन अब कांग्रेस का कोई भी झूठ नहीं बिकेगा।
धनखड़ ने कहा कि उपचुनाव बरोदा हलके के लिए बेहद अहम है। जहां कांग्रेस ने अपने 10 वर्षों के राज में बरोदा को पिछड़ेपन का दंश दिया, वहीं भाजपा ने अपनी पार्टी का विधायक न होने के बावजूद इस हलके में विकास कार्यों की झड़ी लगा दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि बरोदा हलके में विकास की गाड़ी का पहिया अब थमने नहीं दिया जाएगा। धनखड़ ने कहा कि पूर्व की सरकारों ने किसानों की आंखों में केवल धूल झोंकी और उन्हें बरगला कर उनके वोट हासिल किए। नए कृषि कानून पूरी तरह से किसानों के हक में हैं। किसान द्वारा पैदा की जाने वाली प्रत्येक फसल पर केवल उसका अधिकार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *