गुरुग्राम में यू-ट्यूब पर फेमस करने का झांसा देकर युवती से होटल में दुष्कर्म
गुरुग्राम : सेक्टर-31 इलाके के होटल में 19 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपित एक निजी कंपनी में वरिष्ठ अधिकारी के पद पर कार्यरत है। सेक्टर-40 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस में दी गई शिकायत के मुताबिक युवती अशोक विहार इलाके में रहकर घरेलू सहायिका का काम करती है।
बचपन से ही उसे गाना गाने व डांस करने शौक है। इसे देखते हुए मकान मालिक ने उसे आगे बढ़ाना शुरू किया। उसके कुछ वीडियो बनाकर यू-ट्यूब पर डाल दिया। इससे उसकी जान-पहचान बढ़नी शुरू हो गई। वह कुछ दिन पहले अपने जानकार से मिलने के लिए सेक्टर-31 इलाके में पहुंची थी।
वहीं एक निजी कंपनी का वरिष्ठ अधिकारी मिल गया। बातचीत में युवती ने कहा कि उसके कई वीडियो यू-ट्यूब पर हैं। उसे काफी लाेग पसंद कर रहे हैं। इस पर अधिकारी ने कहा कि वह इस काम में उसकी काफी मदद कर सकता है। मदद करने के बहाने अधिकारी ने युवती को छह अक्टूबर को एक होटल में बुलाया। वहां पर उसके साथ दुष्कर्म किया।
युवती ने कई दिनों तक इस बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। जब उसे कुछ परेशानी होने लगी फिर उसने मकान मालिक को बताया। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया कि शिकायत सामने आते ही सेक्टर-40 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। आरोपित की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही वह गिरफ्त में होगा।