इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला की पूर्णकालिक रिहाई पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने लडडू बांटकर मनाई खुशी !
फर्रुखनगर (नरेश शर्मा) : इंडियन नेशनल लोकदल सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरियाणा ओम प्रकाश चौटाला की तिहाड़ जेल से पूर्णकालिक रिहाई होने पर पार्टी कार्याकर्ताओं ने तहसील फर्रुखनगर के सामने लडडू बांट कर एक दूसरे को बधाई दी।
प्रदेश प्रवक्ता एवं पटौदी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुखबीर तंवर, इनेलो किसान सैल के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह धनखड ढाणा आदि पदअधिकारियों ने उपरोक्त आदेश जारी होने पर तहसील प्रांगण फरुखनगर में लड्डू बांटकर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इनेलो सुप्रीमो की रिहाई से इंडियन नेशनल लोकदल कार्यकर्ताओं में नवीन जोश का संचार हुआ है। अनेक कार्यकर्ता जो किसी वजह से संगठन से दूर हो गए थे, सुप्रीमो के कुशल मार्गदर्शन और नेतृत्व में दुगने जोश और उमंग से काम करेंगे। प्रदेश में जारी राजनीतिक अस्थिरता का दौर समाप्त होगा। प्रदेश ही नही अपितु राष्ट्रीय राजनीति की दिशा और दशा परिवर्तित होगी। वर्तमान प्रदेश सरकार और शासन में समन्वय नही है। गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, पुलिस महानिदेशक और अतिरिक्त स्वास्थ्य सचिव को लिखे पत्रों की भाषाशैली से ये तथ्य स्वयं प्रमाणित हो जाता है।
प्रदेश सरकार भ्रष्ट अधिकारियों को संरक्षण देकर उपकृत कर रही है। मानेसर जमीन घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हूडा के साथ सहआरोपी सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी टी सी गुप्ता की सेवानिवृति के तुरंत बाद बतौर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हूडा की सहमति से मुख्य आयुक्त नियुक्त करना इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। 600 दिनों में 9 बड़े घोटालों में संलिप्त गठबंधन सरकार दुवारा झूठी उपलब्धियां गिनवाना इस बात का प्रबल संकेत है कि सरकार ज्वलंत विषयों पर विफल रही है। चुनाव के समय निकाली गई भर्तियों को रद्द करना और अनेक भर्तियों की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात अंतिम परिणाम घोषित नही करना युवाओं के हितों पर कुठाराघात है। सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्णय के बावजूद एसवाईएल नहर निर्माण में प्रदेश और केंद्र सरकार उदासीनता से जल वितरण पर 55 वर्षों से प्रदेश और खासतौर पर दक्षिण हरियाणा की जीवन रेखा के साथ निरंतर अन्याय हो रहा है।
कृषि के नाम पर बनाये गए तीन काले कानून किसान अन्नदाता ही नही सभी वर्गों के लिए डेथ वारंट के समान है। 7 महीने से विषम और विपरीत परिस्थितियों में कानून रद्द करवाने के लिए अन्नदाता दिल्ली के चारों तरफ बैठा है। सुप्रीम कोर्ट की अस्थायी रोक के उपरांत भी सरकार हठधर्मिता कर रही है। प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है। पेट्रोल-डीजल, खाद्य तेलों और अन्य आवश्यक वस्तुओं के मूल्य बढ़ने से जन सामान्य हताश और निराश है। विगत करीब 17 वर्षों में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के कुशासन ने इंडियन नेशनल लोकदल सेवाकाल में विकसित साइबर एवं मिलेनियम सिटी गुड़गांव की वैश्विक पहचान को धूमिल कर दिया। इनेलो सेवाकाल में हुये विकास कार्यों को प्रदेश का जनमानस आज भी याद करता है। शिक्षा, चिकित्सा और उद्योगों के विकास पर विशेष बल दिया गया। गुरुग्राम सेक्टर 10 में सरकारी अस्पताल, सेक्टर 9 में ईएसआई अस्पताल, सेक्टर 9 में सरकारी महाविद्यालय, अनेक सामुदायिक हाल, मेडिकल हब, आईटी हब, आईएमटी मानेसर का निर्माण ऐतिहासिक उपलब्धियां रही।
इस मौके पर पूर्व नगर पार्षद राव मामन सिंह, अधिवक्ता मनोज यादव डाबोदा, अधिवक्ता कुलदीप यादव डाबोदा, जोन अध्यक्ष निहाल सिंह बसुंडा, श्योनारायण यादव धानावास, कुलदीप धनखड, राव लालसिंह , राव जगदेव सिंह, बिश्म्बर दयाल जिला महासचिव, सरपंच राव जल सिंह बिरहेडा, सोनू सैनी सुल्तानपुर आदि मौजूद थे।