खेती-किसानी के अस्तित्व की लड़ाई है किसानों का आंदोलन : चौधरी संतोख सिंह

-26 फ़रवरी को मनाया जाएगा युवा किसान दिवस
गुरुग्राम : किसानों की माँगो के समर्थन में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम के अध्यक्ष चौधरी संतोख सिंह ने बताया कि किसान आंदोलन के 92वें दिन किसान,मज़दूर,गुरुग्राम के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रमुख व्यक्ति धरने पर बैठे।
किसान मोर्चा अध्यक्ष चौधरी संतोख सिंह,राव कमलबीर सिंह,आर एस राठी,गजे सिंह कबलाना तथा बीरू सरपंच ने संयुक्त बयान में कहा कि किसानों का आंदोलन खेती किसानी के अस्तित्व की लड़ाई है।उन्होंने कहा कि काले कानूनों से सरकार खेती किसानी को पूंजीपतियों के हाथों गिरवी रखना चाहती है।उन्होंने कहा कि इन कानूनों के लागू होने से खेती किसानी गिने चुने पूंजीपतियों के हाथ में चली जाएगी और किसान अपने खेत में ही मज़दूर बन कर रह जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार जनता को नए कानूनों के बारे में गुमराह कर रही है तथा एग्रो बिज़नेस कानूनों को कृषि क़ानून बता रही है।एक तरफ़ सरकार किसानों की आय को दोगुना करने के बारे में कह रही है दूसरी तरफ़ सरकार एमएसपी की गारंटी का क़ानून भी नहीं बना रही है। इस तरह किसानों को अपनी फसल की लागत भी नहीं मिल पाएगी। उन्होंने बताया कि 26 फ़रवरी को धरनास्थल पर युवा किसान दिवस मनाया जाएगा ताकि किसान आंदोलन में युवाओं की ज़्यादा से ज़्यादा भागीदारी हो सके।
उन्होंने बताया कि किसान आंदोलन अब जन आंदोलन बन चुका है तथा हर वर्ग के लोग इससे जुड़ रहे हैं।उन्होंने बताया कि किसान आंदोलन आज पूरे देश में फैल चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार हठधर्मिता छोड़कर तीनों काले कानूनों को रद्द कर दें।