देश को विभाजित करने का काम करते रहे है कांग्रेसी नेता : अनिल विज

गुरुग्राम: प्रदेश के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा केरल में उत्तर और दक्षिण भारत की राजनीति को लेकर दिए गए बयान पर कहा कि कांग्रेस सदैव देश को विभाजित करने वाले कार्य ही करती रही है। राहुल ने अनायास यह नहीं कहा। उनके नेता भी यही करते आए हैं। हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पूर्वी हरियाणा तो कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा उत्तर की ओर देखती हैं।
गृहमंत्री ने यह बात बुधवार को गुरुग्राम से भाजपा विधायक सुधीर सिंगला के आवास पर मीडिया से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हमारी सरकार को कमजोर बता गिराने की साजिश रच रहे हैं। अगर उनके अंदर दम है तो विधानसभा के सदन में अविश्वास प्रस्ताव लाकर दिखाएं। पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति को लेकर उन्होंने कहा मनोज यादव का कार्यकाल पूरा हो चुका है। हमने नीतिगत कदम उठाए हैं। अन्य दावेदारों को भी जिम्मेदारी मिलनी चाहिए।
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सूरजपाल अम्मू, जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़, सुमेर तंवर, निगम पार्षद सुभाष सिंगला सहित कई लोग मौजूद रहे।