डॉ. घमंडीलाल अग्रवाल को मिलेगा “ बाबू बाल मुकुंद गुप्त साहित्य सम्मान-2019”

गुरुग्राम: राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशेष पहचान बना चुके शहर के ख्यातनाम साहित्यकार डॉ. घमंडीलाल अग्रवाल को हरियाणा साहित्य अकादमी पंचकूला ने वर्ष 2019 के लिए ₹ 2 लाख की राशि का बाबू बाल मुकुंद गुप्त साहित्य सम्मान देने की घोषणा की है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व डॉ. अग्रवाल को अकादमी द्वारा 7 बार कृति पुरस्कार और 4 बार पुस्तक प्रकाशन अनुदान भी मिल चुका है जो अपने आप में एक कीर्तिमान है। इनके अतिरिक्त भारत सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय, हिंदी अकादमी दिल्ली, चिल्ड्रन बुक ट्रस्ट नयी दिल्ली सहित देश के विभिन्न प्रांतों की 165 संस्थाएँ उन्हें सम्मानित व पुरस्कृत कर चुकी हैं। अनेक प्रदेशों के शिक्षा-पाठयक्रम में भी उनकी लिखी रचनाएँ कई वर्षों से पढ़ाई जा रही हैं। उनकी 108 पुस्तकें अब तक छप चुकी हैं।