कुश्ती कोच सुखविंद्र मोर की तलाश में जुटी तीन जिलों की पुलिस, एक लाख का इनाम घोषित

रोहतक : रोहतक में पहलवानी के लिए मशहूर मेहर सिंह अखाड़े में शुक्रवार देर रात गोली मारके हेड कोच और पत्नी समेत 5 लोगों की हत्या का आरोप अखाड़े के ही एक कोच सुखविंद्र मोर पर है। तीन जिलों की पुलिस उसे तलाशने में लगी है, वहीं उस पर एक लाख का इनाम रखा है। पता चला है कि सुखविंद्र को मृतक मनोज मलिक के अंडर में ट्रेनिंग देने के लिए कहा गया था। सुखविंद्र इसी बात से नाराज था। इसके चलते उसने हेड कोच समेत 5 लोगों को मौत के घाट उतार दिया।
यहाँ बता दें कि रोहतक के जाट कॉलेज के अखाड़े में शुक्रवार देर रात करीब साढ़े 9 बजे 5 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसमें अखाड़े का संचालक सोनीपत के सरगथला गांव के रहने वाले मनोज मलिक, उनकी पत्‍नी साक्षी, उत्तर प्रदेश के मथुरा की महिला पहलवान पूजा, रोहतक के मांडोठी गांव के रहने वाले कोच सतीश कुमार और गांव मोखरा के रहने वाले प्रदीप मलिक शामिल हैं।
जांच-पड़ताल के दौरान पता चला है कि इस हत्याकांड का आरोपी सुखविंद्र मोर सोनीपत जिले के गांव बरोदा का रहने वाला है। उसके पिता मेहर सिंह सेना से रिटायर्ड हैं। सुखविंद्र शादीशुदा है और उसके ढाई साल का एक बेटा है। सूत्रों के अनुसार सुखविंद्र और उसकी पत्नी को पिता मेहर सिंह ने अपनी जायदाद से बेदखल कर रखा है। दूसरी ओर वह कभी अखाड़े में सीनियर कोच हुआ करता था, ले‍किन अब मनोज मलिक को हेड कोच बना दिया गया था। इससे वह नाराज था। परिचितों के मुताबिक, कई दिन से वह मनोज मलिक को मारने की साजिश रच रहा था।
घटना के बाद जो जानकारियां सामने आ रही हैं, उससे साफ हो रहा है कि सुखविंद्र, मनोज मलिक और उसके परिवार की हत्या करने के बाद फरार होने की फिराक में था। सुखविंद्र ने मनोज और उसकी पत्नी को गोली मारकर भागने की कोशिश की। लेकिन गोली की आवाज सुनकर कोच सतीश दलाल, कोच प्रदीप, कोच अमरजीत और महिला पहलवान पूजा ऊपर की तरफ दौड़े। इसके बाद सुखविंद्र ने उन पर भी गोलियां चला दी।
सुखविंद्र का नाम सामने आने के बाद तुरंत उसके मोबाइल की लोकेशन खंगाली गई, जो सांपला एरिया की तरफ मिली। हालांकि इसके बाद उसकी लोकेशन के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस भी आशंका जता रही है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सांपला की तरफ भागा होगा।
फायरिंग में घायल हुए अमरजीत रोहतक के ही मेहर सिंह अखाड़े के कोच हैं। मेहर सिंह अखाड़े के पहलवानों ने बताया कि देर शाम उनके कोच अमरजीत के पास सुखविंद्र का फोन आया था। उसने अमरजीत से कहा कि वह उसकी नौकरी लगवा देगा। एक बार अखाड़े में आकर मिल ले। फोन आने के बाद अमरजीत वहां पर चले गए थे। सुखविंद्र को पकड़ने के लिए देर रात ही एसपी राहुल शर्मा ने एसआईटी गठित कर दी। अखाड़े से संबंधित रहे कुछ पहलवानों की मानें तो ट्रेनर से हटाने के बाद सुखविंद्र ने मनोज से कहा था कि वो अखाड़े में उसे हिस्सा दे दे तो उसका भी रोजगार चल जाएगा। सुखविंद्र का तर्क था कि वो दो साल से उसके अंडर है। मनोज और साक्षी को नौकरी मिल चुकी है। ऐसे में अगर उसे अखाड़े का संचालन मिल जाएगा तो उसका भी रोजगार चल जाएगा। लेकिन मनोज सुखविंद्र की शिकायतों पर उसे अखाड़ा नहीं देना चाहता था।